सीपीएस पद से हटे छह विधायकों के 80.22 लाख रुपए के दंडात्मक किराए पर हाई कोर्ट सख्त

Share

- Advertisement -

Shimla News: मुख्य संसदीय सचिव पद से हटाए गए छह विधायकों के 80,22,973 रुपए के दंडात्मक किराए को नियमित करने के फैसले पर हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने सरकारी खजाने को होने वाले नुकसान और राहत देने पर सरकार से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।

हाई कोर्ट ने सीपीएस पद से हटाए गए छह विधायकों के 80,22,973 रुपए के दंडात्मक किराए को सरकार द्वारा नियमित करने के फैसले पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य न्यायाधीश जीएस संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन सी नेगी की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए सरकारी खजाने को होने वाले इस नुकसान और विधायकों को दी गई राहत पर सरकार से जवाब मांगा है।

हाई कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के खुद के आकलन के अनुसार 31 जुलाई, 2026 तक इन छह विधायकों पर दंडात्मक किराए के रूप में 80,22,973 रुपए की देनदारी बनती है। नियमानुसार इनसे 52,938 रुपए से लेकर 91,944 रुपए प्रतिमाह तक दंडात्मक किराया वसूला जाना था, लेकिन 12 अगस्त, 2026 के पत्र के अनुसार सरकार ने इनसे मात्र 1600 रुपए प्रतिमाह की सामान्य लाइसेंस फीस ही वसूली है और बड़ी वसूली को टाल दिया है।

सरकारी आवासों पर कब्जे और जजों की कमी का जिक्र

24 नवंबर, 2024 को इनकी सीपीएस के रूप में नियुक्तियां रद्द होने और सुप्रीम कोर्ट से कोई स्थगन आदेश न होने के बावजूद ये छह विधायक शिमला में टाइप छह, सात और आठ के प्रतिष्ठित सरकारी आवासों में रह रहे हैं। इनमें किशोरी लाल, राम कुमार, सुंदर सिंह ठाकुर, मोहन लाल ब्राक्टा, संजय अवस्थी और आशीष बुटेल शामिल हैं।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह भी कहा कि 30 अगस्त, 2026 को नियुक्त हुए हाई कोर्ट के तीन नए जजों को टाइप आठ आवास नहीं मिल पा रहे हैं और दो जज हाई कोर्ट गेस्ट हाउस में रहने को मजबूर हैं।

पत्रकारों के आवास आवंटन पर टिप्पणी और अगली सुनवाई

कोर्ट ने 21 पत्रकारों को नियम विरुद्ध और दशकों तक एड हॉक आधार पर सरकारी आवास देने को भी मनमाना करार दिया। मामले में सरकार के वकील ने अदालत से समय मांगा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News