Himachal Pradesh News: केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है, जिससे किसी राज्य को नुकसान नहीं होगा और दक्षिण भारत की हिस्सेदारी भी सुरक्षित रहेगी। इस फैसले का असर कांग्रेस, विपक्ष की रणनीति और आगामी राज्य चुनावों के साथ-साथ 2029 के लोकसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से महिला आरक्षण व परिसीमन के मामले में स्थिति काफी स्पष्ट हो गई है। इससे किसी राज्य को कोई नुकसान नहीं होगा।
दक्षिण भारत के राज्यों की हिस्सेदारी भी बरकरार रहेगी और अगली जनगणना के बाद बनने वाली स्थिति से भी वह बचे रह सकेंगे। सरकार को इससे दक्षिण के दलों का समर्थन जुटाने में आसानी होगी और विपक्ष के कई दलों के सांसदों का भी समर्थन उसे मिल सकता है।
कांग्रेस पर असर
विपक्षी कांग्रेस के लिए विधेयक का विरोध करने पर भी उसके पारित होने की स्थिति में दिक्कतें बढ़ सकती हैं। इससे विपक्षी एकजुटता भी प्रभावित होगी और उसे महिलाओं का समर्थन हासिल करने के लिए नए सिरे से रणनीति बनानी होगी।
अगले साल होने वाले सात राज्यों के चुनाव में कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश की सरकार दांव पर होगी। वहीं उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, गुजरात व मणिपुर में उसकी अपनी सरकार के लिए चुनौती पेश करने में समस्याएं बढ़ सकती हैं।
सियासी लाभ
राजनीतिक दृष्टि से महिला आरक्षण व परिसीमन विधेयक पारित होने पर देश में महिला नेतृत्व आगे आएगा। इसका समर्थन करने वाले दल महिलाओं का ज्यादा समर्थन हासिल कर सकते हैं।
इससे भाजपा व उसके समर्थक दलों के लिए लाभ की स्थिति बन सकती है, वहीं विपक्ष को इसकी काट के लिए नए तर्क गढ़ने पड़ सकते हैं। इससे 2029 के लोकसभा चुनावों पर भी व्यापक असर पड़ सकता है।
पांच राज्यों के चुनावों पर असर
महिला आरक्षण व परिसीमन विधेयक के पारित होने की स्थिति में विपक्ष की रणनीतिक कमजोरी उजागर होगी। वहीं भाजपा विपक्ष के विरोध करने की स्थिति में उस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाएगी।
इससे पांच राज्यों का चुनाव प्रचार व्यापक रूप से प्रभावित हो सकता है और भाजपा आक्रामक तेवरों से विपक्षी खेमे को घेरेगी। इससे विपक्ष की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। विधेयक पारित न होने पर भी भाजपा विपक्ष को महिला विरोधी बताएगी, लेकिन तब विपक्ष के हौसले बढ़ सकते हैं।