Guwahati News: गुवाहाटी में पल्स 2026 अवॉर्ड्स के दौरान लाइव परफॉर्मेंस देते समय रैपर रेबल के चेहरे से अचानक एक ड्रोन टकरा गया। घटना के बाद उन्होंने शो रोक दिया और बिना कुछ कहे स्टेज से चली गईं। फिलहाल चोट की कोई पुष्टि नहीं हुई है और रेबल ने सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
गुवाहाटी में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान रैपर रेबल के चेहरे से अचानक एक ड्रोन टकरा गया। हालांकि, उन्हें चोट लगने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यह घटना पल्स 2026 अवॉर्ड्स के दौरान हुई, जब वह स्टेज पर प्रस्तुति दे रही थीं। हादसे के तुरंत बाद रेबल ने परफॉर्मेंस रोक दी और बिना कुछ कहे स्टेज से बाहर चली गईं।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में रेबल को स्टेज पर डांस करते हुए अपना गाना ‘रन डाउन द सिटी-मोनिका’ गाते देखा जा सकता है। इसी दौरान एक ड्रोन उड़ता हुआ सीधे उनके चेहरे से टकराता है और नीचे गिर जाता है। अचानक हुई इस घटना से वह चौंक जाती हैं और कुछ देर के लिए प्रस्तुति रोककर मंच से हट जाती हैं।
सोशल मीडिया पर फैंस की चिंता और सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस रेबल की सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं और आयोजन प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘मैनेजमेंट रेबल के मामले में इतनी लापरवाही क्यों बरत रहा है? वह इतना अच्छा माहौल बनाती हैं, कम से कम उनका ठीक से ख्याल तो रखा जाना चाहिए’। एक अन्य यूजर ने पूछा, ‘क्या वह ड्रोन सीधे उनके चेहरे पर लगा? क्या वो ठीक हैं?’
एक अन्य टिप्पणी में सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए लिखा गया, ‘अगर ड्रोन के विंग्स गर्दन या सिर जैसे नाजुक हिस्सों पर लग जाएं, तो यह जानलेवा भी साबित हो सकता है’।
रेबल की प्रतिक्रिया और पृष्ठभूमि
इस घटना को लेकर रेबल ने सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है और अपनी सेहत या चोट को लेकर कोई नया अपडेट साझा नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने अपनी प्रस्तुति से जुड़ी एक इंस्टाग्राम स्टोरी जरूर रीपोस्ट की है।
रेबल का असली नाम दाइफी लामारे है। वह मेघालय के वेस्ट जैंतिया हिल्स की रहने वाली हैं और फिल्म संगीत में आने से पहले स्वतंत्र संगीत मंच पर अपनी पहचान बना चुकी थीं। उन्होंने 11 साल की उम्र में रैपिंग शुरू की थी और 2018 में दया नाम से प्रस्तुति दी। इसके एक साल बाद उन्होंने ‘रेबल’ नाम अपनाया। आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ के गानों में रैप से उन्हें व्यापक पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने 2025 की मलयालम फिल्म ‘लोका चैप्टर 1: चंद्रा’ के गाने ‘थानी लोका मुराक्कारी’ को भी अपनी आवाज दी थी।