Agartala News: त्रिपुरा में शुक्रवार सुबह 7 बजे से 16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। अगरतला नगर निगम समेत इन निकायों की 268 सीटों के लिए 733 उम्मीदवार मैदान में हैं और 5.56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राज्य चुनाव आयोग के सचिव अनुराग सेन ने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए 10 हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 39 कंपनियां शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया में करीब 4,600 मतदान कर्मी लगाए गए हैं। उत्तरी त्रिपुरा के अतिरिक्त एसपी आशीष ठाकुर ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर त्रिपुरा स्टेट राइफल्स और त्रिपुरा पुलिस के जवान तैनात रहेंगे और पूरे इलाके को अलग-अलग जोन में बांटकर क्लस्टर आधारित रणनीति अपनाई गई है।
दक्षिण त्रिपुरा के एसपी मौर्य कृष्णा सी ने कहा कि एसपी से लेकर कांस्टेबल और एसपीओ तक सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को डराया-धमकाया नहीं जाएगा और गड़बड़ी की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
भाजपा पहले ही 77 सीटें निर्विरोध जीत चुकी
मतदान से पहले ही भाजपा 77 निकाय सीटें निर्विरोध जीत चुकी है। इनमें कमलपुर, शांतिर बाजार, रानीर बाजार, जिरानिया और मोहनपुर की सभी 65 सीटें शामिल हैं। अंबासा, तेलियामुरा और विशालगढ़ में 12 और सीटें भी भाजपा के खाते में गई हैं। भाजपा ने सबसे ज्यादा 342 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि माकपा के 218, कांग्रेस के 201 और टिपरा मोथा पार्टी के 10 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अगरतला नगर निगम में 51 वार्ड, मतगणना 2 दिसंबर को
राज्य के सबसे बड़े शहरी निकाय अगरतला नगर निगम के 51 वार्डों में 439 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पश्चिम त्रिपुरा के जिलाधिकारी विशाल कुमार और एसपी नमित पाठक ने गुरुवार को कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। पूरे राज्य में 268 सीटों के लिए 704 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है और सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतगणना 2 दिसंबर को होगी।