Kinnaur News: किन्नौर के रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में दुर्लभ यूरेशियन सिस्किन पक्षी की मौजूदगी दर्ज की गई है, जो हिमाचल प्रदेश में इसका तीसरा रिकॉर्ड है। पक्षी प्रेमियों के बाद गुरुवार को वन विभाग की टीम ने भी इसे देखा। पश्चिमी हिमालय में इस प्रजाति का दिखना असामान्य माना जाता है।
हिमाचल के जिला किन्नौर में स्थित रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में पहली बार दुर्लभ यूरेशियन सिस्किन (स्पिनस स्पिनस) पक्षी की मौजूदगी दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश में इस प्रजाति का यह तीसरा दस्तावेजीकरण रिकॉर्ड है।
25 नवंबर को मैसूर (कर्नाटक) के पक्षी प्रेमी श्रीकांत आरजी और हिमाचल के अंकुश ठाकुर ने इस पक्षी को देखा और इसकी तस्वीरें कैमरे में कैद कीं। वहीं, गुरुवार को वन विभाग की टीम ने भी अभयारण्य में इसी प्रजाति की मौजूदगी दर्ज की। पश्चिमी हिमालय में इस पक्षी का दिखना असामान्य है, इसलिए किन्नौर में इसकी मौजूदगी को पक्षी विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यूरेशियन सिस्किन फिंच परिवार का छोटा और आकर्षक पक्षी है। इसके शरीर पर पीले-हरे रंग के पंख होते हैं, जबकि नर के सिर पर काला हिस्सा और गले पर काला निशान होता है। मादा का रंग अपेक्षाकृत हल्का होता है और शरीर पर धारियां होती हैं। यह पक्षी झुंड में रहना पसंद करता है और मुख्य रूप से शंकुधारी पेड़ों, बर्च तथा अन्य पेड़ों के बीज खाता है। इसकी प्रजनन स्थली मध्य और उत्तरी यूरोप के साथ पूर्वी एशिया में है। सर्दियों में यह दक्षिणी क्षेत्रों की ओर मौसमी प्रवास करता है, लेकिन पश्चिमी हिमालय में इसकी आवाजाही नियमित नहीं है।
कब-कब दर्ज हुई मौजूदगी
प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ डॉ. अभिनव चौधरी के अनुसार हिमाचल में यूरेशियन सिस्किन का पहला रिकॉर्ड 25 जनवरी, 1980 को मनाली के समीप सोलंग घाटी में दर्ज हुआ था। उस समय 21 पक्षियों का झुंड देखा गया था।
इसके बाद 16 नवंबर, 2021 को कुल्लू जिला में ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के इको जोन के गुशैणी में एक नर यूरेशियन सिस्किन की तस्वीर ली गई थी। अब रक्छम में इसकी मौजूदगी प्रदेश का तीसरा रिकॉर्ड बन गई है। हिमाचल के अलावा लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान में भी इस पक्षी को देखा गया है। मार्च और अप्रैल 2026 में कश्मीर के पहलगाम में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई थी।
भारत में 1193वीं पक्षी प्रजाति
इस पक्षी को कैमरे में कैद करने वाले मैसूर के श्रीकांत आरजी देशभर में अब तक 1192 पक्षी प्रजातियों का दस्तावेजीकरण कर चुके हैं। यूरेशियन सिस्किन उनके लिए भारत में दर्ज की गई 1193वीं पक्षी प्रजाति है। उन्होंने कहा कि भारत में इस पक्षी को देखना मुश्किल है और रक्छम में अच्छी संख्या में इन्हें देखना व तस्वीरें लेना उनके लिए खास अनुभव रहा।
हिमाचल के पक्षी प्रेमी अंकुश ठाकुर ने रक्छम-छितकुल अभयारण्य को पक्षियों के लिए स्वर्ग बताते हुए कहा कि यहां नियमित निगरानी और व्यवस्थित सर्वेक्षण से भविष्य में भी कई नई प्रजातियों की मौजूदगी सामने आ सकती है।
वन विभाग की टीम ने भी दर्ज की मौजूदगी
गुरुवार को वन्यजीव सांगला टीम और सराहन वन्यजीव मंडल के कर्मचारियों ने भी इस पक्षी की मौजूदगी दर्ज की। रक्छम के ब्लॉक वन अधिकारी संतोष कुमार ठाकुर और वन मित्र अल्पना नेगी ने अभयारण्य में इसका अवलोकन किया।
वन्यजीव शिमला की वन संरक्षक प्रीति भंडारी, आईएफएस ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम और फील्ड स्टाफ को बधाई दी। वन्यजीव सराहन के डीसीएफ अशोक नेगी, आईएफएस ने वन्यजीव सांगला के आरएफओ, ब्लॉक वन अधिकारी संतोष ठाकुर, गोपाल नेगी और वन मित्र अल्पना नेगी सहित पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पक्षी प्रेमियों श्रीकांत आरजी और अंकुश ठाकुर के योगदान को भी सराहा।
रक्छम-छितकुल में यूरेशियन सिस्किन की मौजूदगी ने एक बार फिर किन्नौर की समृद्ध पक्षी विविधता को सामने लाया है। पक्षी प्रेमियों और वन विभाग के कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से अभयारण्य में पक्षियों की प्रजातियों का दस्तावेजीकरण हो रहा है। नियमित निगरानी से हिमालयी क्षेत्र में पक्षियों की मौसमी आवाजाही और उनके प्राकृतिक आवासों को समझने में भी मदद मिलेगी।