Himachal News: पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने जस्टिस विवेक ठाकुर के त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनने पर प्रसन्नता जताई और इसे प्रदेश का सम्मान बताया। वहीं, देश में 324 और हिमाचल की 91 दवाओं के सैंपल फेल होने पर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने दवा गुणवत्ता में कमी को गंभीर अपराध बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि आज के दो समाचारों में से एक ने स्वाभिमान से सिर ऊंचा कर दिया, जबकि दूसरे समाचार ने शर्म से सिर झुका दिया। वीरवार को जारी बयान में उन्होंने एक ओर न्यायपालिका में प्रदेश की उपलब्धि पर खुशी जताई, तो दूसरी ओर दवाओं की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त की।
जस्टिस विवेक ठाकुर की नियुक्ति पर बधाई
शांता कुमार ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक ठाकुर को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छोटे से हिमाचल प्रदेश के लिए यह बड़े सम्मान की बात है।
उन्होंने बताया कि विवेक ठाकुर के पिता उनके मित्र और सहयोगी रहे हैं तथा उनके परिवार से निकट संबंध भी हैं। शांता कुमार ने इस नई जिम्मेदारी के लिए विवेक ठाकुर को हार्दिक बधाई दी।
दवा सैंपल फेल होने पर चिंता और सख्त कार्रवाई की मांग
दूसरी ओर, देशभर में 324 दवाओं के सैंपल फेल होने और इनमें हिमाचल में निर्मित 91 दवाएं शामिल होने पर शांता कुमार ने चिंता जताई। उन्होंने इस स्थिति को शर्मनाक बताया और कहा कि दवाओं की गुणवत्ता में कमी गंभीर अपराध है।
शांता कुमार ने कहा कि भारत दुनिया में जेनेरिक दवाओं का प्रमुख निर्माता है और देश के दवा उद्योग से लाखों लोगों को रोजगार मिलता है। उनके अनुसार, बार-बार दवाओं के सैंपल फेल होने से इस उद्योग की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। शांता कुमार के मुताबिक, दवाओं में मिलावट और गुणवत्ता की अनदेखी का कारण भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि अधिक उम्र के लोगों को नियमित दवाएं लेनी पड़ती हैं, इसलिए ऐसी खबरें चिंता और परेशानी पैदा करती हैं। उन्होंने सरकार से दवा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाने की अपील की।