New Delhi News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के राज्यों में नवंबर के अंतिम दिनों में ही ठिठुरन बढ़ने वाली है। अगले दो दिनों में रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। विभाग ने 26 नवंबर को 12 राज्यों में घने कोहरे और दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बदलते मौसम के बीच बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सुबह और शाम की ठंडी हवाओं के साथ धुंध और हवा में मौजूद प्रदूषण के कण सांस संबंधी परेशानियां और खांसी-जुकाम बढ़ा सकते हैं। 26 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में गिरेगा रात का तापमान
- दिल्ली: गुरुवार सुबह हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
- पंजाब: राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 50 से 199 मीटर तक रह सकती है। रात का तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
- हरियाणा: ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाने और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। राज्य में रात का पारा 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
हिमाचल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार का मौसम पूर्वानुमान
- हिमाचल प्रदेश: ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और शून्य से नीचे पहुंचे तापमान का असर निचले इलाकों में दिख रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बिलासपुर, मंडी और ऊना में सुबह के समय कोहरे और कम दृश्यता की चेतावनी दी है।
- उत्तर प्रदेश: पछुआ हवाओं के प्रभाव से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को हल्के से मध्यम कोहरा छाने और रात के तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।
- राजस्थान: शेखावाटी और उत्तरी भागों में रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई है। गुरुवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने के बावजूद सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलेंगी।
- बिहार: उत्तरी और पूर्वी जिलों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ जाएगी। राज्य में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
ओडिशा, असम और मेघालय में कोहरे की चेतावनी
- ओडिशा: आंतरिक और तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों, विशेषकर बोलांगीर और आसपास के जिलों में सुबह घने कोहरे और रात के तापमान में गिरावट की संभावना है।
- असम: ब्रह्मपुत्र घाटी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाने से दृश्यता कम रह सकती है, जिससे सुबह का यातायात प्रभावित हो सकता है। दिन में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
- मेघालय: शिलांग सहित पहाड़ी क्षेत्रों में गुरुवार को घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
तमिलनाडु और केरल में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार
उत्तर भारत में शुष्क ठंड और कोहरे के विपरीत दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अतिरिक्त, बंगाल की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से केरल और माहे के कई हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।