Nashik News: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग को लेकर महाराष्ट्र स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष अक्षय कुमार भोसले की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रही। उनकी तबीयत बिगड़ रही है और डॉक्टर नियमित रूप से उनकी जांच कर रहे हैं।
भोसले ने रविवार को नाशिक के मराठा विद्या प्रसारक समाज मैदान पर भूख हड़ताल शुरू की थी। उन्होंने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष डॉ. राजनिश सेठ के इस्तीफे की भी मांग की है।
महाराष्ट्र स्टूडेंट्स यूनियन के सदस्य डॉ. कुंदन पाटिल ने बयान में कहा कि भूख हड़ताल के कारण भोसले की सेहत बिगड़ गई है और डॉक्टर उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया रद्द करने की मांग
पाटिल ने कहा कि भोसले ने राज्य सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की चल रही भर्ती प्रक्रिया रद्द की जाए। उन्होंने पूरी परीक्षा समिति को हटाकर भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करने की भी मांग की है।
छात्र संघ ने महाराष्ट्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को परीक्षा में गड़बड़ी से बचाने के लिए विशेष कानून बनाने की भी मांग की है। बयान के अनुसार, भोसले की भूख हड़ताल को मराठा क्रांति मोर्चा सहित कई संगठनों का समर्थन मिला है।
बयान में कहा गया है कि भूख हड़ताल के तीसरे दिन मंगलवार को कई छात्र संगठनों ने छत्रपति संभाजीनगर में आंदोलन करने की योजना बनाई है।