National News: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 30 नवंबर तक दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है। दूसरी ओर उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय घने कोहरे और मध्य व पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान गिरने की चेतावनी दी गई है।
देश के मौसम में अगले कुछ दिनों के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में 30 नवंबर तक बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक और तेलंगाना के कई इलाकों में भी बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर उत्तर भारत में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत हैं और दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और पूर्वी हवाओं में बने ट्रफ के कारण यह बदलाव दिखेगा। पश्चिमी विक्षोभ का ट्रफ लगभग 90 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 28 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बना है, जबकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ लगभग 62 डिग्री पूर्वी देशांतर पर 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में स्थित है। इसके अलावा दक्षिण असम व आसपास के क्षेत्रों, पूर्वोत्तर असम, गुजरात व उससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, कोंकण-गोवा और दक्षिण केरल के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। दक्षिण-पश्चिम से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र से रायलसीमा तक पूर्वी हवाओं में ट्रफ बने हैं, जिनके संयुक्त प्रभाव से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश तेज रह सकती है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
दक्षिण भारत में बारिश के बीच उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर तक और पंजाब में 27 नवंबर तक घना कोहरा छाने की आशंका है, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26 और 27 नवंबर को घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने और सड़क व रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने, सुबह तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
केरल, तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, केरल और माहे में 25 से 28 नवंबर के बीच अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 29 और 30 नवंबर को छिटपुट बारिश का अनुमान है। लक्षद्वीप में 25 से 29 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश और 25 व 30 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 30 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश और 27 नवंबर तक कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। इन क्षेत्रों में 25 से 28 नवंबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी है।
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 25 से 30 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। यहां 28 नवंबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज सतही हवाओं और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा झोंकों के 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 25 से 28 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 25 से 26 नवंबर तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक व बिजली गिरने की आशंका है। तेलंगाना में 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर और मध्य-पूर्वी भारत में तापमान का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों तक मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर धुंध और हल्का कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो अधिकतर स्थानों पर सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है।
अगले कुछ दिनों में मध्य और पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी। मध्य भारत में 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी भारत में 26 नवंबर तक 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिसके बाद तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।