National News: न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शरद पवार ने भाजपा के नेताओं से बेटी सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है, जिसके बदले में वह परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों पर सरकार का समर्थन करेंगे। भाजपा और एनसीपी-एसपी ने इस पर अब तक कुछ नहीं कहा है।
राज्य में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाएं पहले से चल रही हैं। इसी बीच यह नई अटकल सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, पवार और भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत चल रही है। ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश में है। संसद के शीतकालीन सत्र का ऐलान अब तक नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि सरकार अप्रैल में असफल रहने के बाद बिल को दोबारा पेश कर सकती है। इसके लिए सरकार को दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
सूत्रों के हवाले से क्या दावा किया गया
न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पवार ने बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है। रिपोर्ट के अनुसार, इसके बदले में वह प्रस्तावित विधेयकों पर सरकार का समर्थन करेंगे। हालांकि, इस दावे को लेकर भाजपा या एनसीपी-एसपी की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
पहले केंद्रीय मंत्री पद की पेशकश की चर्चा
रिपोर्ट के अनुसार, सूत्र बताते हैं कि भाजपा ने शुरुआत में सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री का पद देने की पेशकश भी की थी। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भी ऐसे संकेत दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर सुले कैबिनेट में आती हैं, तो उन्हें काफी खुशी होगी। आठवले ने यह भी कहा था कि अगर शरद पवार 2019 में एनडीए के साथ आते, तो वह राष्ट्रपति बन सकते थे। उन्होंने कैबिनेट विस्तार जल्द होने की संभावना जताई थी और कहा था कि उसमें नए चेहरों को मौका मिल सकता है और सभी जातियों को स्थान मिल सकता है।
पीएम मोदी और शरद पवार की बातचीत
जब शरद पवार अस्पताल में भर्ती थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बात की थी। पवार के करीबी विट्ठल सेठ मनियार ने कहा था, ‘आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का फोन साहेब की तबीयत के बारे में पूछने के लिए आया था। उन्होंने बहुत आदर और सम्मान के साथ साहेब से बात की थी। उन्होंने कहा था, साहेब आप पूरी तरह से आराम करें। सुप्रिया अब तैयार हैं। सुप्रिया और हम मिलकर देश को संभाल लेंगे। प्लीज आराम करें। मेरा आपसे अनुरोध है।’
परिसीमन पर सुप्रिया सुले का रुख
सुप्रिया सुले ने 16 नवंबर को कहा था, ‘कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर राज्य के लिए एक ही फॉर्मूला होना चाहिए। दूसरा, परिसीमन के दौरान महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। हम महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित कर चुके हैं। अब इसे लागू किया जाना चाहिए।’ सुले ने कहा कि उन्हें अभी तक परिसीमन संबंधी पूरा विधेयक नहीं मिला है और न ही उन्होंने इसे पूरी तरह पढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसके प्रावधानों का अध्ययन करने के बाद ही वह अपना अंतिम रुख तय करेंगी।
उन्होंने कहा, ‘कुछ लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 30 से 50 लाख तक है। ऐसी स्थिति में सांसदों के लिए पांच करोड़ रुपये की आवंटित राशि से विकास कार्य कराना मुश्किल हो जाता है।’ उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई भी चीज पूरी तरह दोषरहित नहीं है और 10 से 15 प्रतिशत मामलों में कुछ समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, परिसीमन एक निर्धारित फॉर्मूले के अनुसार किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार पर भरोसा रखना चाहिए कि यह प्रक्रिया उसी फॉर्मूले के आधार पर पूरी की जाएगी। परिसीमन कोई नई बात नहीं है — पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भी परिसीमन हुआ था।