Patna News: पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लोकसेवक की मौत के बाद भी उसकी अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई खत्म नहीं होगी। ब्यूरो ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 के तहत शुरू हुई जब्ती की प्रक्रिया मृत्यु के कारण समाप्त नहीं होती।
ब्यूरो के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने 20 मार्च 2026 को दो मामलों में यह बात स्पष्ट की थी। ये मामले द स्टेट ऑफ बिहार द्वारा विजिलेंस बनाम सुधा सिंह (एसएलपी (सीआर) संख्या 7454/2025) और द स्टेट ऑफ बिहार द्वारा विजिलेंस बनाम उमा देवी (एसएलपी (सीआर) डायरी संख्या 15698/2025) थे। अदालत ने कहा था कि बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 के तहत शुरू हुई संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई सिर्फ इसलिए अपने आप खत्म नहीं हो जाती, क्योंकि संबंधित लोकसेवक की मृत्यु हो गई है।
सोने की मात्रा का हवाला पर्याप्त नहीं
न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन और न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की खंडपीठ ने 2 नवंबर 2026 को बिहार राज्य बनाम फूलपरी कुमारी (आपराधिक अपील संख्या 5212/2026) में कहा कि आय से अधिक संपत्ति की गणना में सिर्फ यह बताना कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के निर्देश के अनुसार कितना सोना रखा जा सकता है, संपत्ति के अर्जन का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं माना जा सकता। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आय से अधिक संपत्ति के अभियोजन में इन प्रावधानों के आधार पर अपने आप छूट नहीं मिलती है। अभियुक्त को आभूषण के अर्जन का स्रोत बताना होगा।
48 घंटे से अधिक हिरासत पर स्वत: निलंबन
ब्यूरो ने बताया कि निगरानी थाना कांड संख्या 29/2025 के अभियुक्त विश्वजीत सिंह उर्फ विश्वजीत रामानंद की एसएलपी (क्रि.) संख्या 13108/2026 में 6 नवंबर 2026 को पारित आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी लोकसेवक के 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर वह स्वत: निलंबित समझा जाएगा और अलग से निलंबन आदेश जारी करने की जरूरत नहीं है। इस कांड में मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी के विशेष न्यायालय ने नियमित जमानत दी थी, जिसे पटना उच्च न्यायालय ने क्रि. मिस. संख्या 74033/2025 में 1 जुलाई 2026 के आदेश से निरस्त कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में अपराध के लिए तय दंड को ध्यान में रखते हुए आमतौर पर जमानत दी जानी चाहिए। अगर अभियुक्त का आपराधिक इतिहास हो या मामले के तथ्य बहुत गंभीर हों, तो अदालत जमानत देने से इनकार कर सकती है। रिश्वत की रकम कम या ज्यादा होना जमानत पर विचार के लिए प्रासंगिक आधार नहीं है।
ब्यूरो के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि अगर कथित अवैध संपत्तियां लोकसेवक की पत्नी या निकट संबंधी अथवा किसी गैर लोकसेवक व्यक्ति के नाम पर मिली हैं और उन्हें कार्रवाई शुरू होते समय विधिवत नोटिस दिया गया था, तो उनके खिलाफ जब्ती की कार्रवाई कानूनी रूप से जारी रह सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार राज्य की अपील स्वीकार कर ली है।