Raipur News: महादेव सट्टा मामले में ईडी ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। उस पर प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से जजों और अधिकारियों को मैनेज करने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। रायपुर की विशेष अदालत ने हिमांशु को 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है।
आरोप है कि उसने रायपुर जेल में बंद प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने और जजों व अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा देकर 15 करोड़ रुपये लिए थे। ईडी की पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर इस लेन-देन का राजफाश किया था। एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया और वहां उसकी सौरभ से मुलाकात हुई।
ईडी ने सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर 19 नवंबर तक पूछताछ की थी। इसी दौरान हिमांशु का नाम सामने आया था। सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपना मामला निपटवाने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ रुपये दिए थे। इसके बाद ईडी ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया।
मुंबई एयरपोर्ट पर रोका, कोर्ट ने रिहाई के दिए थे आदेश
20 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे हिमांशु को मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दुबई जाते समय रोक लिया गया। ईडी ने 21 नवंबर की रात 1:10 बजे उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की और मुंबई की विशेष अदालत से ट्रांजिट रिमांड मांगी। हालांकि, अदालत ने 24 घंटे के भीतर पेश नहीं किए जाने का आधार मानते हुए रिमांड देने से इनकार कर दिया और रिहाई का आदेश दिया। अदालत ने कहा कि समय-सीमा एयरपोर्ट पर रोके जाने के समय से गिनी जाएगी।
बांबे हाईकोर्ट में दी चुनौती, फिर रायपुर कोर्ट से मांगा रिमांड
विशेष अदालत के आदेश को ईडी ने बांबे हाईकोर्ट में चुनौती दी। 23 नवंबर को अवकाशकालीन अदालत में सुनवाई के दौरान एजेंसी की ओर से सालिसिटर जनरल तुषार मेहता और एडिशनल सालिसिटर जनरल अनिल सिंह ने पक्ष रखा। हाईकोर्ट से ईडी के पक्ष में फैसला आने के बाद एजेंसी ने आगे की कार्रवाई की। हिमांशु को सोमवार देर शाम को रायपुर लाकर विशेष कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। अब उससे सौरभ के कथित भुगतान, दुबई यात्राओं और प्रभाव के इस्तेमाल के दावों पर पूछताछ की जाएगी।
28 तक मिली रिमांड
ईडी की गिरफ्त में आए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को सोमवार रात 10:30 बजे ईडी रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। कुछ देर बाद जज और ईडी के वकील सौरभ पांडेय आए। 7 दिन की रिमांड पर लेने के लिए ईडी ने आवेदन दिया था, जिसके बाद ईडी को 28 तक रिमांड मिली है।