District News: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ड्रॉ टेस्ट के बाद पाटा पिच, खराब कूकाबुरा गेंद और लार के इस्तेमाल पर रोक को लेकर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि गेंद 25 से 30 ओवर के बाद ही बहुत नरम हो गई थी। गिल ने कहा कि अब भारतीय टीम को ड्रॉ की आदत नहीं रही।
अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड की पाटा पिच में अपने गेंदबाजों को परेशान होते देखने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल लगभग फट ही पड़े। उन्होंने यहां की पिच, खराब कूकाबुरा गेंद और टीमों को गेंद पर लार लगाने की फिर से अनुमति मिलने के मुद्दे को बड़े करीने से उठाया।
गेंद को लेकर उठाए सवाल
मैच के बाद गिल ने कहा कि गेंद का बहुत बड़ा रोल होता है। यहां इस्तेमाल हुई कूकाबुरा गेंद 25-30 ओवर के बाद ही बहुत नरम हो गई थी। उन्होंने कहा कि दूसरी टीम ने भी इस बारे में शिकायत की थी। पिछले साल इंग्लैंड में भी ऐसा ही देखा गया था, जहां शुरुआती तीन-चार मैचों में ड्यूक्स गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी।
गिल ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जब पिच से कोई मदद न मिल रही हो और ऊपर से गेंद भी नरम हो जाए तो गेंदबाजों के लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है। बल्ले के किनारे से लगकर गेंद विकेटकीपर तक नहीं पहुंच रही थी। अगर पिच पर ज्यादा मूवमेंट न हो तो फिर आपके पास सिर्फ एलबीडब्ल्यू या बोल्ड करने का ही मौका बचता है, इसलिए गेंदों की क्वालिटी बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि अभी तक गेंद को चमकाने की अनुमति क्यों नहीं दी गई है। हम कोविड के दौर से काफी आगे निकल चुके हैं। पहले एक नियम था कि गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार नहीं लगाई जा सकती। अब सात-आठ साल हो गए हैं, फिर भी इसकी अनुमति नहीं मिल रही है।
अब हमें ड्रॉ की आदत नहीं: गिल
इस पिच पर ड्रॉ से निराशा के बाद दैनिक जागरण के सवाल पर गिल ने कहा कि अगर पहले कोई टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलती थी तो अक्सर दो मैच ड्रॉ हो जाते थे। पहले ऐसा होना आम बात थी, लेकिन अब ऐसा कम ही होता है, इसलिए हमें ड्रॉ की आदत नहीं है और यही वजह है कि हमें ज्यादा निराशा होती है।
उन्होंने कहा कि पिच से कोई खास मदद नहीं मिल रही थी। हो सकता है कि एक-दो गेंदें नीची रहीं हों, लेकिन विकेट में कोई गति नहीं थी, इसलिए जो गेंदें नीची भी रहीं, वे इतनी तेज नहीं थीं कि बल्लेबाज को छका सकें।
सिराज को नहीं खिलाने के निर्णय का बचाव
गिल ने कहा कि इस मैच के लिए भारत के पास जो सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण था, उसी के साथ टीम खेली। सिराज एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन गेंदबाज हैं। वह गिल के बहुत अच्छे दोस्त हैं और भारत के लिए खेलने से पहले से ही दोनों बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं, इसलिए उन्हें बाहर रखना गिल के लिए भी एक बहुत मुश्किल फैसला था।
उन्होंने कहा कि मैच से पहले ही उन्होंने सिराज को बता दिया था कि वह इस मैच में नहीं खेल रहा है। कभी-कभी देखना पड़ता है कि कौन से गेंदबाज फॉर्म में हैं और कौन सबसे अच्छी गेंदबाजी कर रहा है। हर खिलाड़ी के करियर में एक ऐसा दौर आता है, जब वह हमेशा अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं रह सकता।
कोई विकल्प नहीं था
आखिरी घंटे की शुरुआत में भारत ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स से हाथ मिला लिया, यानी टेस्ट जल्दी खत्म करने पर सहमति जता दी। इस निर्णय पर गिल ने कहा कि भारत के सभी तेज गेंदबाजों ने इस मैच में लगभग 50-50 ओवर गेंदबाजी की थी। अगर पिच से कोई मदद मिल रही होती या गेंदबाजों को ऐसा लगता कि वे बल्लेबाज को आउट कर सकते हैं तो वह उनसे चार-पांच ओवर और करवा सकते थे। गिल ने कहा कि टीम ने अपनी सोची हुई हर रणनीति आजमाई और गेंदबाजों ने उसे अच्छे से लागू भी किया, लेकिन पिच से कोई खास मदद नहीं मिल रही थी और 10-15 ओवर और डालने से भी कोई फायदा नहीं होने वाला था।