फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में इंसानियत शर्मसार, लावारिस शव को फुटपाथ पर छोड़ने वाले डॉक्टर समेत 3 पर FIR

Share

- Advertisement -

Faridkot News: पंजाब के फरीदकोट स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल से इंसानियत को ठेस पहुंचाने वाली घटना सामने आई है। यहां इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले एक लावारिस मरीज के शव को मोर्चरी में रखने के बजाय श्मशान घाट के बाहर फुटपाथ पर फेंक दिया गया।

इस शर्मनाक मामले का खुलासा होने के बाद थाना सिटी-2 पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर, एक हेल्पर और डी-फार्मेसी के एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अस्पताल की व्हीलचेयर पर ले जाकर श्मशान घाट के बाहर छोड़ा शव

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति को 9 जुलाई को 108 एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर से यहां रेफर किया गया था। उसे सर्जरी-1 विभाग में भर्ती कराया गया, जहां 13-14 जुलाई की रात को उसकी मौत हो गई।

आरोप है कि मौत के बाद डॉक्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित नहीं किया। उन्होंने तय कानूनी प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए हेल्पर और छात्र की मदद से शव को व्हीलचेयर पर रखा। इसके बाद आरोपी शव को अस्पताल से बाहर ले गए और फुटपाथ पर छोड़ दिया।

CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार

श्मशान घाट के बाहर लावारिस शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने उसे दोबारा मोर्चरी में रखवाया। जब ड्यूटी डॉक्टर से पूछताछ की गई, तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे सच सामने आ गया।

पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी डॉक्टर और अन्य स्टाफ व्हीलचेयर पर शव ले जाते साफ दिख रहे हैं। इसी आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को एक समाजसेवी संस्था की मदद से मृतक का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करवा दिया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News