नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पहली विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

Share

- Advertisement -

New Delhi News: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे। दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली आए शाह का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वागत किया। वे विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनकी अगवानी की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे आज भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे।

    राष्ट्रपति भवन में होगा औपचारिक स्वागत और पीएम मोदी से वार्ता

    सोमवार को राष्ट्रपति भवन में नेपाल के प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इस वार्ता में दोनों देशों के बीच व्यापार, संपर्क (कनेक्टिविटी), आर्थिक सहयोग, ऊर्जा, विमानन और सांस्कृतिक संबंधों सहित कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

    कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा यह दौरा

    बालेंद्र शाह की इस यात्रा को भारत और नेपाल के द्विपक्षीय संबंधों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच चली कूटनीतिक पहल के बाद यह दौरा हो रहा है। इससे पहले भारत से दूरी बनाए रखने का संकेत देने वाले शाह अब नई दिल्ली के साथ संबंधों को नई दिशा देने की पहल करते दिख रहे हैं।

    प्रधानमंत्री बनने के बाद विदेश दौरों को लेकर अपनाया था सख्त रुख

    काठमांडू के पूर्व मेयर रहे 36 वर्षीय बालेंद्र शाह ने इसी साल मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। पदभार ग्रहण करने के कुछ ही सप्ताह बाद उन्होंने अपने मंत्रियों और अधिकारियों को विदेश यात्राओं के बजाय देश की आंतरिक समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया था। उनकी प्राथमिकताओं में भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, भाई-भतीजावाद को समाप्त करना और देश की अर्थव्यवस्था को सुधारना शामिल रहा है।

    प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने विदेशी प्रतिनिधियों से मुलाकात के लिए भी स्पष्ट प्रोटोकॉल तय किया था। उनके कार्यालय द्वारा बनाई गई व्यवस्था के अनुसार, विदेशी देशों के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से उनकी मुलाकात तभी तय की जाती थी, जब संबंधित देश के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री स्तर का संवाद हो।

    Read more

    Related News