Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के संभावित गठबंधन के ऐलान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव 12 नवंबर को गाजियाबाद जिला कारागार में बंद पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खान से मुलाकात करेंगे। 13 नवंबर को ईडी कोर्ट में आजम खान की पेशी से ठीक पहले होने वाली इस मुलाकात को राजनीतिक और कानूनी दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की सियासत में नए समीकरण आकार लेने लगे हैं। 11 नवंबर को एआईएमआईएम नेता शादाब चौहान ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा दोनों नेता खुद करेंगे। इस बड़े सियासी घटनाक्रम के सामने आने के कुछ ही समय बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के 12 नवंबर को गाजियाबाद जेल पहुंचने का कार्यक्रम सामने आया, जहां वह पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे।
गाजियाबाद जेल में शिवपाल यादव का तय कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार शिवपाल सिंह यादव 12 नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे गाजियाबाद जिला कारागार पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे उनकी आजम खान से मुलाकात होगी। जेल में करीब दो घंटे रुकने के बाद वह दोपहर एक बजे नई दिल्ली स्थित यूपी भवन के लिए रवाना होंगे। जेल प्रशासन ने इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात को लेकर जरूरी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
13 नवंबर को ईडी कोर्ट में आजम खान की पेशी
शिवपाल यादव का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब 13 नवंबर को गाजियाबाद स्थित विशेष ईडी अदालत में आजम खान की पेशी निर्धारित है। इसके साथ ही उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि भी पूरी हो रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जुड़े मामले के चलते आजम खान को पहली बार गाजियाबाद जेल में रखा गया है, जबकि इससे पहले वह रामपुर समेत अन्य जेलों में बंद रहे हैं। ईडी ने आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान को हिरासत में लिया था। ऐसे में कोर्ट में पेशी से ठीक एक दिन पहले शिवपाल की इस मुलाकात को कानूनी और रणनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वास्थ्य और जेल की व्यवस्थाओं पर भी होगी चर्चा
इस मुलाकात के दौरान आजम खान के स्वास्थ्य और जेल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर भी बातचीत हो सकती है। पिछले सप्ताह उनकी पत्नी तंजीम फातिमा ने जेल में उनसे मुलाकात की थी और व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। आजम खान शुगर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसे लेकर अदालत भी उनकी नियमित दवाओं और मेडिकल सुविधाओं के संबंध में निर्देश जारी कर चुकी है।
ओवैसी के बयानों के बाद सपा की सक्रियता
यह पहला मौका नहीं है जब एआईएमआईएम की सक्रियता के तुरंत बाद सपा नेतृत्व आजम खान से संपर्क साधने पहुंचा हो। इससे पहले 18 अक्टूबर को असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में एक जनसभा कर आजम खान के प्रति सहानुभूति जताई थी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला था। उस रैली के बाद 22 अक्टूबर को अखिलेश यादव ने रामपुर पहुंचकर आजम खान की पत्नी के साथ रामपुर जेल में उनसे मुलाकात की थी। हालांकि अखिलेश यादव ने इसे पारिवारिक मुलाकात बताया था, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने ओवैसी पर सीधा पलटवार किया था।
अब शिवपाल यादव के गाजियाबाद जेल पहुंचने से राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि समाजवादी पार्टी अपने वरिष्ठ नेता के साथ खड़े रहने का संदेश देने के साथ-साथ राज्य के बदलते सियासी समीकरणों पर भी अपनी पकड़ बनाए रखना चाहती है।