15 सेकंड की रील्स छोड़ सिनेमाघरों का रुख कर रहे युवा, क्लासिक और विंटेज फिल्मों का बढ़ा क्रेज

Share

- Advertisement -

National News: स्मार्टफोन की छोटी स्क्रीन और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से इतर युवा पीढ़ी यानी जेन-जी (Gen Z) अब तेजी से सिनेमाघरों की ओर रुख कर रही है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, 15 सेकंड की रील्स और शॉर्ट वीडियो में व्यस्त रहने वाली यह पीढ़ी न केवल नई ब्लॉकबस्टर फिल्में देख रही है, बल्कि 70-80 के दशक की क्लासिक, साइलेंट, आर्ट और विदेशी भाषा की फिल्मों के लिए भी थिएटर्स में भारी संख्या में पहुंच रही है।

फिल्म उद्योग में इस नई पीढ़ी को ‘लेटरबॉक्स जनरेशन’ कहा जा रहा है। यह नाम फिल्मों की समीक्षा और रेटिंग से जुड़ी प्रसिद्ध वेबसाइट के आधार पर पड़ा है, जिसके 3 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं में से अधिकांश 35 वर्ष से कम आयु के हैं। यह पीढ़ी इंडिपेंडेंट सिनेमाघरों की सदस्यता लेने और दुर्लभ फिल्मों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए खुलकर खर्च कर रही है।

स्क्रीन टाइम की थकान से मुक्ति और मानसिक शांति

अत्यधिक स्क्रीन टाइम और डिजिटल थकान से परेशान युवाओं के लिए सिनेमाघर एक ‘डिजिटल डिटॉक्स’ केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। कई युवाओं का मानना है कि थिएटर में बैठकर बिना मोबाइल छुए दो से तीन घंटे बिताना उन्हें मानसिक सुकून देता है। घर पर अकेले स्ट्रीमिंग देखने के मुकाबले दोस्तों के साथ सामूहिक रूप से बड़े पर्दे के साउंडट्रैक, हंसी और रोमांच को महसूस करना उन्हें एक अलग अहसास कराता है, जिसे घरेलू स्क्रीन पर हासिल नहीं किया जा सकता।

सोशल एक्सपीरियंस और थीम बेस्ड लाइफस्टाइल

सिनेमाघर संचालकों के अनुसार, युवा दर्शक केवल कहानी देखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पूरे अनुभव का हिस्सा बनना चाहते हैं। फिल्मों के अनुसार विशेष परिधान (कॉस्ट्यूम) पहनना, थीम-आधारित पॉपकॉर्न बकेट एकत्र करना और सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर साझा करना उनकी जीवनशैली का नया हिस्सा बन गया है।

विंटेज प्रोजेक्टर्स और सिनेमाई क्राफ्ट की गहरी समझ

आज के युवा फिल्म निर्माण की तकनीकी बारीकियों जैसे कैमरा लेंस, आस्पेक्ट रेशियो और लाइटिंग के प्रति पहले से कहीं अधिक जागरूक हैं। यही कारण है कि जब सिनेमाघरों में 70एमएम के विंटेज प्रोजेक्टर्स पर पुरानी रील प्रिंट्स प्रदर्शित की जाती हैं, तो युवा महंगे टिकट खरीदकर प्रोजेक्टर की वास्तविक आवाज और पारंपरिक सिनेमा के मूल स्वरूप को महसूस करने पहुंच रहे हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News