बुलंदशहर में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट का खुलासा, पड़ोसी युवक गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Bulandshahr News: कोतवाली क्षेत्र की चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर की रात 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट और कोतवाली पुलिस ने पड़ोसी युवक भरत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में लूटे गए जेवरात, नकदी और मोबाइल बरामद किया है।

कोतवाली क्षेत्र की चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर की रात 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की ईंट से वार कर की गई हत्या और जेवरात लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मृतका के पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय युवक भरत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और घटना के वक्त पहने कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका आरोपी को अपने बच्चे की तरह मानती थीं और उसका घर में बेरोकटोक आना-जाना था। आरोपी ने इसी पारिवारिक विश्वास का गलत फायदा उठाकर बुजुर्ग महिला की हत्या की और लूट को अंजाम दिया।

नवरात्र में तिजोरी देखकर बनाया था लूट का षड्यंत्र

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पास ही रूपा कचौड़ी के मकान में काम करता था और उसे भली-भांति जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती हैं। नवरात्र के दौरान वह अपनी बहन के साथ उनके घर कन्या-लांगूर भोज के लिए गया था। उसी दौरान उसकी नजर कमरे में रखी तिजोरी पर पड़ी। तिजोरी में रखे जेवरात देखकर उसने चोरी की योजना बनाई।

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने पहले इंटरनेट (गूगल) पर तमंचे और बेहोशी के इंजेक्शन के बारे में भी जानकारियां खोजी थीं। योजना के तहत 24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह मृतका के घर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई। दरवाजा खुलने पर उसने बहाना बनाया कि उसका कपड़ा उनकी छत पर गिर गया है। महिला जब विश्वास करके छत की चाबी लेकर उसे ऊपर ले जाने लगीं, तभी सीढ़ियों के पास पड़ी ईंट उठाकर उसने बुजुर्ग महिला के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आभूषण लेकर दिल्ली भागने की थी योजना

हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के शरीर पर मौजूद आभूषण और कमरे में फ्रिज के पास रखे बैग में भरे जेवर लूट लिए। इसके बाद वह घर का मुख्य दरवाजा बंद कर अपने घर चला गया और कपड़े बदलकर सो गया। लूटे गए जेवरों को उसने छिपा दिया था और इन्हें लेकर वह दिल्ली जाकर अपने शौक पूरे करने की फिराक में था।

मुखबिर की सटीक सूचना पर स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने आरोपी भरत पुत्र सोनू (निवासी मकान नंबर 443, चूना कंकड़ वाली गली) को उसके घर के पास से दबोच लिया।

भारी मात्रा में जेवरात और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 60 कंगन, 11 चेन, 31 अंगूठियां, 2 लॉकेट, 27 कान के टॉप्स, 1 नोज पिन, पीली धातु लगा रुद्राक्ष, 3 मिश्रित धातु की अंगूठियां, एक मोटो जी-57 पावर मोबाइल फोन, आधार कार्ड, घटना के समय पहने कपड़े और 16,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर को कोतवाली में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।

Read more

Related News