राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता अपनाने के लिए किया प्रेरित

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के तहत केरल से आए विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित न रहकर कौशल विकास और उद्यमिता अपनाने का आह्वान किया। साथ ही अन्य राज्यों की संस्कृति व व्यवस्थाओं को समझकर अनुभव साझा करने पर बल दिया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से सोमवार को राजभवन में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित युवा संगम के तहत केरल से आए 55 सदस्यीय दल ने मुलाकात की। इस दल में आईआईटी पलक्कड़ के नेतृत्व में 50 विद्यार्थी और पांच शिक्षक शामिल हैं। यह दल 22 से 28 अक्टूबर तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के आतिथ्य में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के भ्रमण पर है।

राज्यपाल ने दल के विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने क्या नया सीखा और लौटने के बाद वे इन अनुभवों को अपने जीवन में किस प्रकार लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य सिर्फ राज्यों का भ्रमण करना नहीं है, बल्कि वहां की संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन, भाषा, व्यवहार और सामाजिक परिस्थितियों को गहराई से समझना है। यह पहल तभी पूरी तरह सार्थक होगी, जब देश के विभिन्न हिस्सों के युवा एक-दूसरे की विशेषताओं को पहचानें, उनसे सीखें और अपने जीवन में उन सीखों को अपनाएं।

केवल सरकारी नौकरी तक सीमित न रहें युवा

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे यात्रा के दौरान जुटाए गए अनुभवों और अवलोकनों पर लेख लिखें तथा अपने सहपाठियों, मित्रों और परिजनों के साथ इन पर सार्थक चर्चा करें। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के विकास संबंधी प्रयासों का अध्ययन कर अपने अनुभवों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को सिर्फ सरकारी नौकरी पाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप व्यावहारिक कौशल सीखकर रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इससे युवा न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के नए अवसर तैयार कर सकेंगे।

महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के अवसरों का उल्लेख

संवाद के दौरान राज्यपाल ने 25 अक्टूबर को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला नेतृत्व वाले विकास और कौशल पर आधारित गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकाई के उद्घाटन का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने वाराणसी में आयोजित भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगेज’ एयर शो का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज देश की सुरक्षा और सेवा क्षेत्र में युवाओं के लिए व्यापक अवसर मौजूद हैं और महिलाएं भी सशस्त्र सेनाओं समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रही हैं।

युवा संगम के तहत केरल से आए इस दल ने अपने यूपी प्रवास के दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में स्वागत समारोह और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। दल ने श्री काशी विश्वनाथ धाम, सारनाथ, अयोध्या धाम, तीर्थराज प्रयाग और विंध्याचल धाम का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।

Read more

Related News