Bijnor News: बिजनौर के नगीना रेलवे स्टेशन के पास शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में गंधक-पोटाश के कारण लगी आग के मामले में आरपीएफ ने मुख्य आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। कुशीनगर निवासी आरोपी के पास से पटाखा छुड़ाने वाली लोहे की नाल बरामद की गई है। आरोपी को मुरादाबाद आरपीएफ के सुपुर्द कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।
अमृतसर से जयनगर जा रही 14674 शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार देर रात आग लगने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी दीपक कुमार को शनिवार देर रात लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद अंतर्गत ग्राम मंडरा का निवासी है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से पटाखा छुड़ाने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की नाल भी बरामद की गई है।
नगीना रेलवे स्टेशन के समीप बिजनौर रोड पर डबल फाटक के पास शुक्रवार रात कोच में अचानक धुआं और लपटें उठने के बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया था। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों, स्थानीय पुलिस और रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण ट्रेन करीब सवा घंटे तक मौके पर खड़ी रही थी, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने पर उसे आगे रवाना किया गया था।
बैग में रखी गंधक-पोटाश की पुड़िया से भड़की थी आग
आरपीएफ की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ था कि हरियाणा के गोविंदगंज से गोरखपुर की यात्रा कर रहे दीपक और उसके परिवार के सामान में रखी गंधक और पोटाश की पोटली में घर्षण या दबाव के कारण अचानक आग भड़क गई थी। विस्फोटक और ज्वलनशील सामग्री ट्रेन में ले जाने को लेकर धामपुर आरपीएफ चौकी प्रभारी चेतन कुमार की तहरीर पर आरोपी दीपक के खिलाफ लापरवाही और रेलवे सुरक्षा अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
लखनऊ से हुई गिरफ्तारी, मुरादाबाद कोर्ट में पेशी की तैयारी
धामपुर आरपीएफ चौकी प्रभारी चेतन कुमार ने बताया कि आरोपी अपने बैग में करीब 50 ग्राम गंधक-पोटाश और लोहे की नाल लेकर सफर कर रहा था। घटना के बाद से ही आरपीएफ उसकी तलाश में जुटी हुई थी और शनिवार देर रात उसे लखनऊ से पकड़ लिया गया।
रविवार होने के कारण कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को मुरादाबाद स्थित आरपीएफ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।