Dubai News: फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले में घायल भारतीय पायलट स्मित मच्छर की स्थिति अब स्थिर है। सऊदी अरब में सिर की सर्जरी के बाद उन्हें संयुक्त अरब अमीरात शिफ्ट किया गया है। डॉक्टर उनकी आंखों की रोशनी और तंत्रिका तंत्र पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
हमले की वजह से कैप्टन के सिर की हड्डी टूट गई थी। इसके कारण उनकी नजर और तंत्रिका तंत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। यूएई में डॉक्टरों की स्पेशल टीम उनका इलाज कर रही है। पायलट को सिर में लगातार तेज दर्द की समस्या हो रही है। इस परेशानी से राहत देने के लिए उन्हें जरूरी दवाएं दी जा रही हैं।
गंभीर चोट के बावजूद कैप्टन का हौसला बुलंद
इतनी गंभीर चोटों के बाद भी स्मित का मनोबल काफी ऊंचा बना हुआ है। वह बेहद सकारात्मक रुख दिखा रहे हैं। उन्होंने बातचीत में फिर से विमान उड़ाने का दृढ़ संकल्प दोहराया है। इधर जांच एजेंसियों ने कैप्टन का बयान दर्ज कर लिया है। उनका यह बयान घटना की पूरी सच्चाई जानने के लिए बहुत अहम माना जा रहा है।
कॉकपिट में हुआ था खौफनाक जानलेवा हमला
यह वारदात 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान में हुई थी। लगभग 34 हजार फीट की ऊंचाई पर ओमानी सह-पायलट ने स्मित पर कुल्हाड़ी से वार किया। इससे विमान तेजी से नीचे आने लगा था। गंभीर हालत में भी कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों ने हमलावर को पकड़ा।
इजराइली प्रधानमंत्री ने की पायलट के साहस की तारीफ
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतारा गया था। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फोन पर कैप्टन स्मित से लंबी बातचीत की। प्रधानमंत्री ने विकट हालात में उनके अदम्य साहस और समझदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने अपनी सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बचा ली।