हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की दिवंगत पत्नी पर बीजेपी नेता की विवादित टिप्पणी, सोशल मीडिया पर शुरू हुई तीखी आलोचना

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की दिवंगत पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती पर आयोजित स्मृति समारोह पर राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस कार्यक्रम को लेकर तीखे बयान दिए हैं। हरोली से बीजेपी व्यापार प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अजय जोशी ने इस आयोजन पर विवादित और अभद्र टिप्पणी की है।

अजय जोशी ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के समाज में योगदान पर सवाल उठाते हुए इस समारोह को विशुद्ध रूप से सहानुभूति बटोरने की राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा, “सिम्मी अग्निहोत्री कोई मदर टेरेसा या नेल्सन मंडेला नहीं थीं कि उनके नाम पर कॉलेज का नाम रखा जाए या इतना बड़ा आयोजन कराकर राजनीतिकरण किया जाए। उन्होंने केवल राजनीतिक प्रचार किया।”

बीजेपी नेता जोशी ने अपने बयान में मर्यादा लांघते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर व्यक्तिगत हमला बोला। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री सठिया गए हैं और अपनी दिवंगत पत्नी के नाम पर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। जोशी ने सिम्मी अग्निहोत्री की विश्वविद्यालय में नौकरी, सेवा और शैक्षणिक योगदान पर भी गंभीर सवाल खड़े किए।

अजय जोशी ने आरोप लगाया कि ऐसे आयोजनों के जरिए परिवार के बच्चों को भी जबरन राजनीति से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर रहते हुए हरोली में बैठकर सैलरी लेना गलत था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र के लिए उनका क्या योगदान रहा है और ऐसे सांस्कृतिक कलाकारों को बुलाने का क्या औचित्य है।

उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर को हरोली में प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन ने स्मृति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया था। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहीं सिम्मी अग्निहोत्री का फरवरी 2024 में निधन हो गया था। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान ने अपनी प्रस्तुति दी थी, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ।

बीजेपी नेता की इस टिप्पणी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोग इस तरह की भाषा को बेहद निंदनीय और अमर्यादित बता रहे हैं। बीजेपी नेता के बयान के बाद हिमाचल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेजी से तेज हो गया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News