Baghpat News: राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रही एक पिकअप गाड़ी बागपत जिले में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ितों को आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज राय के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रविवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे खेकड़ा थाना क्षेत्र में पेश आया। राजस्थान से आ रहा पिकअप वाहन अचानक डिवाइडर से भिड़ गया और जोरदार झटके के साथ पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सीएम योगी ने मुआवजे का किया ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सीएम योगी ने मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की वित्तीय सहायता तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश प्रशासन को जारी किए हैं।
बागपत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीरथ लाल ने हादसे में अब तक कुल 12 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। मृतकों की शिनाख्त की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजीत चौधरी ने भी छह शवों के अस्पताल पहुंचने की जानकारी दी थी।
अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल यात्री
हादसे में घायल सभी मुसाफिरों को खेकड़ा व बागपत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी मरीजों को तुरंत बेहतर इलाज के लिए बड़े मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे।
घायल यात्री कुंवर पाल ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज के साथ वाहन पलट गया। वहीं गाड़ी चालक ने पुलिस को बयान दिया कि पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने टक्कर मारी थी। पुलिस पूरी घटना की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है।