Miami News: मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा पेश आया। सैन जुआन से आ रहा अमेज़न-ब्रांडेड बोइंग 767 कार्गो प्लेन लैंडिंग के समय अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर निकल गया। इस दौरान प्लेन ने बाहर खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे पांच लोगों की जान चली गई।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक विमान रनवे नंबर 30 को पार करते हुए पास के एक खेत में जाकर रुक गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर मौजूद वाहन बुरी तरह कुचल गए और मलबे से काला धुआं उठने लगा। तकनीकी बचाव दल ने वाहनों में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
राहत कार्य में जुटे दर्जनों दल, घायलों की हालत नाजुक
इस भीषण हादसे में कम से कम पांच अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इनमें से तीन घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें फौरन ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है और प्रशासन ने परिजनों के लिए हेल्पलाइन जारी की है।
हादसे के तुरंत बाद 60 से अधिक फायर रेस्क्यू यूनिट्स ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने विमान के इंजन में लगी आग पर काबू पाया और अंदर फंसे पायलट व को-पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत और बचाव दल बेहद कम समय में घटनास्थल पर सक्रिय हो गए थे।
विमान हादसे की जांच में जुटीं केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त प्लेन 21 एयर द्वारा संचालित किया जा रहा था। अमेज़न की प्रवक्ता केली नेंटेल ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सहायता करना उनकी प्राथमिकता है और कंपनी जांच में स्थानीय प्रशासन को पूरा सहयोग दे रही है।
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से मियामी एयरपोर्ट के सभी रनवे बंद कर दिए गए थे, जिससे उड़ानों पर भारी असर पड़ा। बाद में दो रनवे परिचालन के लिए दोबारा खोले गए। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) और एफएए की टीमें तकनीकी खराबी और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच कर रही हैं।