हिमाचल में 2000 करोड़ के घोटाले के मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा पर एसआईटी मंगलवार को शिमला कोर्ट में दाखिल करेगी चार्जशीट

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के 80 हजार से ज्यादा निवेशकों से 2000 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा के खिलाफ एसआईटी मंगलवार को शिमला ट्रायल कोर्ट में लगभग 8000 पन्नों की चार्जशीट दायर करेगी। इस बड़े मामले में जांच टीम की तरफ से यह आठवीं चार्जशीट होगी।

एसआईटी इससे पहले 78 एजेंटों और प्रमोटरों के खिलाफ सात चार्जशीट पेश कर चुकी है। निचली अदालत में उनके खिलाफ कानूनी ट्रायल भी शुरू हो चुका है। अब मुख्य आरोपी पर शिकंजा कसते हुए जांच एजेंसी ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है, जिससे ठगी के शिकार निवेशकों को इंसाफ की उम्मीद बंधी है।

दुबई भागे आरोपी की करोड़ों की संपत्ति होगी कुर्क

दुबई फरार हो चुके मास्टरमाइंड सुभाष शर्मा का सौली खड्ड स्थित मकान भी कुर्क किया जाएगा। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने निवेशकों के पैसे से ही यह प्रॉपर्टी खरीदी थी। इस मकान का बाजार मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। इससे पहले ऊना में 78 कनाल जमीन जब्त हो चुकी है।

आरोपी को विदेश से वापस लाने के प्रयास हुए तेज

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब सुभाष शर्मा को दुबई से भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया तेज होगी। राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से मदद मांगी थी। केंद्र ने पहले ट्रायल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने को कहा था। अब सीबीआई जांच संभाल सकती है, जबकि ईडी पहले से मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।

विशेष अदालत बनने से केस की सुनवाई में तेजी आएगी। आरोपी वर्ष 2023 में केस दर्ज होने पर परिवार सहित दुबई भाग गया था। उसने मेरठ के मिलन गर्ग, मंडी के हेमराज और सुखदेव के साथ फर्जी कंपनियां बनाकर ठगी की। हवाला के जरिए उसने पंजाब के जीरकपुर और दुबई में अवैध पैसा लगाया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News