मिनियापोलिस में उबर चालक मोहम्मद यूसुफ की मौत, 25 वर्षीय आरोपी पर हत्या के आरोप की तैयारी

Share

- Advertisement -

Minneapolis News: अमेरिका के मिनियापोलिस के पास 14 नवंबर को हुए हमले में घायल 51 वर्षीय सोमाली-अमेरिकी उबर चालक मोहम्मद यूसुफ की शनिवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। मामले में गिरफ्तार 25 वर्षीय समिट अपूर्व पटेल के खिलाफ अब हत्या के आरोप जोड़ने की तैयारी है, जबकि अभियोक्ता ने फिलहाल हेट क्राइम के पर्याप्त सबूत न होने की बात कही है।

मुस्लिम नागरिक अधिकार संगठन काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस (सीएआईआर) ने मोहम्मद यूसुफ की मौत की जानकारी दी। 14 नवंबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल यूसुफ का हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर में उपचार चल रहा था, जहां पांच सर्जरी के बावजूद करीब दो सप्ताह बाद शनिवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

हमले और फोन कॉल का घटनाक्रम

अदालत में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, 14 नवंबर को मोहम्मद यूसुफ अपने भाई से फोन पर बात कर रहे थे, जो स्वयं भी उबर चालक हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान यूसुफ ने एक यात्री को कार में बैठाया और उनके भाई ने फोन पर यात्री को यह कहते हुए सुना कि उसे ‘मोहम्मद’ नाम पसंद नहीं है।

दस्तावेजों के अनुसार, इसके बाद फोन पर यूसुफ की आवाज सुनाई दी, जिसमें वह सोमाली भाषा में कह रहे थे कि यात्री बेल्ट से उनका गला घोंट रहा है और गाड़ी से कुचल रहा है। आरोप है कि यात्री ने उन्हें कार से कुचलने के बाद सड़क किनारे एक गड्ढे में छोड़ दिया।

हत्या के आरोप और बचाव पक्ष का बयान

इस मामले में 25 वर्षीय समिट अपूर्व पटेल को पहले गिरफ्तार कर दूसरे दर्जे की हत्या के प्रयास और कारजैकिंग के आरोपों में आरोपित किया गया था। यूसुफ की मौत के बाद हेनेपिन काउंटी की अटॉर्नी मैरी मोरियार्टी ने शनिवार को कहा कि आरोपी के खिलाफ आरोपों में बदलाव कर दूसरे दर्जे की जानबूझकर हत्या का मामला बनाया जाएगा।

आरोपी के वकील कैथरीन टर्नर ने ईमेल के जरिए जारी बयान में कहा कि उनके मुवक्किल को यूसुफ की मौत का दुख है। साथ ही आरोपी और परिवार की ओर से अपील की गई कि जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक कोई निष्कर्ष या फैसला न सुनाया जाए।

हेट क्राइम की आशंका और पारिवारिक पृष्ठभूमि

अदालती दस्तावेजों में ‘मोहम्मद’ नाम को लेकर कथित टिप्पणी का उल्लेख आने के बाद धार्मिक या नस्लीय नफरत की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, हेनेपिन काउंटी की अटॉर्नी मैरी मोरियार्टी ने कहा कि फिलहाल इसे हेट क्राइम साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं, इसलिए इसे नफरत से प्रेरित अपराध के रूप में पेश नहीं किया गया है।

मोहम्मद यूसुफ के बड़े बेटे मुस्तफा उस्मान के अनुसार, उनके पिता वर्ष 1993 में अमेरिका आए थे और लंबे समय से चालक के रूप में काम कर परिवार का सहारा बने हुए थे। वह पांच बच्चों के पिता थे और परिवार को इलाज के बाद उनके स्वस्थ होने की उम्मीद थी।

Read more

Related News