World News: दक्षिणी कैलिफोर्निया के तट के पास शनिवार को 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र लॉस एंजिल्स के पास मैनहट्टन बीच के तट से दूर था। भूकंप के बाद कई झटके भी महसूस किए गए। लॉस एंजिल्स हवाई अड्डे की खिड़कियां टूट गईं और एक विमान को लैंडिंग रद्द करनी पड़ी।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार भूकंप का केंद्र लॉस एंजिल्स के पास स्थित मैनहट्टन बीच के तट से दूर था। इसके बाद कई झटके भी महसूस किए गए। भूकंप के कारण कारों के अलार्म बजने लगे, हवाई अड्डे की खिड़कियां टूट गईं और एक रिफाइनरी से धुआं निकलने लगा, क्योंकि वहां स्वचालित सुरक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। हालांकि किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की कोई तत्काल खबर नहीं है।
फ्लाइट की लैंडिंग करनी पड़ी रद्द
इलाके के फुटेज के अनुसार शुरुआती भूकंप के कारण लॉस एंजिल्स हवाई अड्डे के पास पहुंच रहे डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान को अपनी लैंडिंग रद्द करनी पड़ी। विमान उतरने ही वाला था कि तभी भूकंप आ गया। रनवे पर दरार आने की आशंका को देखते हुए क्रू को विमान उतारने की प्रक्रिया रोकने का निर्देश दिया गया।
शहर की मेयर कैरेन बास ने फॉक्स न्यूज से कहा कि ऐसा करना बिल्कुल सही था, क्योंकि जब तक रनवे की जांच नहीं हो जाती तब तक उन्हें कैसे पता चलता। लॉस एंजिल्स हवाई अड्डे पर एक आफ्टरशॉक के कारण छत का एक सफेद पैनल गिर गया और वहां एक टर्मिनल की खिड़कियां भी टूट गईं।
मैरीलैंड की रहने वाली 27 वर्षीय वकील केना क्रेमर वॉशिंगटन स्थित अपने घर जाने के लिए फ्लाइट में सवार हो रही थीं। उन्होंने स्थानीय मीडिया को बताया कि लोग डरे हुए थे। एक महिला की हल्की सी चीख सुनाई दी और फिर सब शांत हो गए।
शुरुआती झटकों के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया में शेवरॉन रिफाइनरी ने सिस्टम में संभावित खतरों से बचाव के लिए सेफ्टी फ्लेयरिंग शुरू की। कंपनी ने बताया कि आग और धुएं की रुक-रुक कर निकलने वाली लपटें नियंत्रण में थीं और इनसे आस-पास के लोगों के लिए कोई सुरक्षा जोखिम नहीं था।
कैलिफोर्निया के गवर्नर के ऑफिस ऑफ इमरजेंसी सर्विसेज ने फेसबुक पर कहा कि वे किसी भी तरह के असर का आकलन करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें कहा गया कि भूकंप के बारे में पहले से कुछ नहीं कहा जा सकता, इसलिए झटकों के लिए तैयार रहें। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि लॉस एंजिल्स शहर में बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।