Bangkok News: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बांग ना जिले स्थित बांगचाक तेल डिपो में अचानक धमाके के बाद भीषण आग लग गई। ऊंची लपटों और काले धुएं के बीच प्रशासन ने आपात चेतावनी जारी कर आसपास के रिहायशी इलाकों व स्कूलों को खाली कराया।
धमाका, ऊंची लपटें और वीडियो
बैंकॉक के पूर्वी इलाके बांग ना जिले में स्थित बांगचाक तेल डिपो में अचानक हुए धमाके के बाद आग भड़क गई। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास की इमारतों में कंपन महसूस किया गया। घटना के बाद कई मीलों तक काले घने धुएं का गुबार छा गया और आग की लपटें ऊंची उठती दिखाई दीं।
मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें तेल डिपो से ऊंची लपटें और धुएं का विशाल गुबार उठता दिख रहा है। वीडियो में सायरन और लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।
प्रशासन की चेतावनी और निकासी अभियान
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा कदम उठाए। बांग ना जिला कार्यालय ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर आपात बयान जारी कर आसपास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया। संभावित अतिरिक्त धमाकों के खतरे को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, तेल डिपो के पास रिहायशी इलाके और स्कूल स्थित हैं। लपटों और धुएं के खतरे को देखते हुए आसपास के स्कूलों के छात्रों को तुरंत बाहर निकाला गया। निवासियों और बच्चों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हैं तथा लोगों से घटनास्थल के पास न जाने की अपील की गई है।
आग बुझाने का प्रयास और जांच
थाई एनक्वायरर की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके और आग की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे। तेल की आग होने के कारण इसे काबू करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। दमकलकर्मी आग को डिपो के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए पानी और विशेष फोम का इस्तेमाल कर रहे हैं।
धमाके के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और कंपनी के अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि यह तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से। शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि बचाव कार्य जारी है।
शहरी क्षेत्र में डिपो की स्थिति और संवेदनशीलता
बैंकॉक के पूर्वी हिस्से का यह तेल डिपो ऊर्जा कंपनी बांगचाक कॉर्पोरेशन द्वारा संचालित किया जाता है। इसकी क्षमता प्रतिदिन 1,20,000 बैरल तेल संभालने की है और यह थाईलैंड का पांचवां सबसे बड़ा तेल डिपो है।
यह देश का एकमात्र ऐसा बड़ा तेल डिपो है, जो घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र के बीचों-बीच स्थित है। इसी कारण आग के फैलने की स्थिति में आसपास के घनी आबादी वाले इलाकों पर असर पड़ने की आशंका को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोग सतर्क हैं।