उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग का अलर्ट: 48 घंटों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी, प्रयागराज में 192 मिमी वर्षा

Share

- Advertisement -

Lucknow News: मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने उत्तर प्रदेश के दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में अगले 48 घंटों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र और पूर्वी यूपी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण से राज्यभर में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रदेश में 23 अगस्त तक मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों में प्रयागराज मंडल में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। प्रयागराज के मेजा में 192 मिमी, कोरांव में 126 मिमी, सोनभद्र के घोरावल में 123 मिमी और बिजनौर में 146 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन प्रमुख जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त तक चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, कौशांबी, चंदौली और संत रविदास नगर में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा बांदा, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, महोबा और हमीरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्के बादल छाए रहने व फुहारें पड़ने का अनुमान है। 18 अगस्त तक के मानसूनी आंकड़ों के अनुसार पूरे प्रदेश में सामान्य से औसतन 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News