पीलीभीत में जर्जर स्कूल का टीन शेड गिरने से बड़ा हादसा, 2 शिक्षिकाएं और 12 बच्चे मलबे में दबकर गंभीर घायल

Share

- Advertisement -

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शिक्षा विभाग की अनदेखी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बीसलपुर में एक प्राइवेट स्कूल का टीन शेड अचानक नीचे गिर गया। इस हादसे में दो शिक्षिकाएं और एक दर्जन से ज्यादा बच्चे मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना बीसलपुर ब्लॉक के अमृता खास गांव स्थित श्री बालक राम सरस्वती शिशु मंदिर की है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कक्षाएं चल रही थीं और लगभग 300 बच्चे परिसर में मौजूद थे। उसी समय अचानक क्लास के ऊपर लगा भारी टीन का शेड ढह गया।

शेड गिरते ही पूरे स्कूल में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे 12 बच्चे और दो महिला शिक्षिकाएं दब गईं। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्कूल स्टाफ दौड़े। उन्होंने तुरंत मलबा हटाकर सभी घायल बच्चों और शिक्षकों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को इलाज के लिए बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पीड़ित परिजनों में घटना के बाद से भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि मंगलवार सुबह अचानक तेज हवाएं चलने के कारण यह दुर्घटना हुई। दूसरी तरफ ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इमारत पुरानी थी और टीन को पिलर के बजाय लकड़ी के कमजोर खंभों पर टिकाया गया था।

ग्रामीणों ने स्कूल की मान्यता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी प्रशासन से शिकायत की है। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम नागेंद्र पांडे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News