Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी स्कूलों में 3 अगस्त से 10 अगस्त तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। यह कदम कांवड़ श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, सड़कों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी निजी और सरकारी स्कूलों के लिए जारी किया आदेश
जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह नियम जिले के सभी प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों पर लागू होगा। इस अवधि के दौरान जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, प्राइवेट और अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाया गया कदम
कांवड़ यात्रा के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में बसों और अन्य वाहनों के आवागमन से ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो जाती है। छात्रों को स्कूल आने-जाने में कोई परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इसीलिए प्रशासन ने समय रहते स्कूलों में अवकाश का निर्देश दिया है।