बहराइच-लखनऊ हाईवे पर सपा विधायक इंद्राणी वर्मा की कार नीलगाय से टकराई, हादसे में सभी लोग सुरक्षित

Share

- Advertisement -

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। श्रावस्ती की भिनगा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी की विधायक इंद्राणी वर्मा की कार बहराइच-लखनऊ नेशनल हाईवे पर अचानक आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा डैमेज हो गया, लेकिन विधायक समेत सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सपा विधायक इंद्राणी वर्मा रविवार सुबह लखनऊ में आयोजित एक बेहद जरूरी मीटिंग में शामिल होने के लिए गाड़ी से निकली थीं। जैसे ही उनकी कार कैसरगंज इलाके में नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक एक नीलगाय सड़क के बीच आ गई। ड्राइवर के कंट्रोल करने से पहले ही गाड़ी टकरा गई।

गाड़ी की कम रफ्तार के कारण टला बड़ा हादसा

हादसे के वक्त कार की स्पीड काफी कम थी, जिसकी वजह से एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। टक्कर के बाद मौके पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद की। घटना में गाड़ी सवार कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक मदद दी गई।

हादसे की खबर मिलते ही एक प्राइवेट स्कूल के मैनेजर मशकूर हबीब मौके पर पहुंचे। उन्होंने विधायक और उनके साथियों के लिए तुरंत दूसरे वाहन का अरेंजमेंट कराया। इसके बाद सपा विधायक इंद्राणी वर्मा अपने तय शेड्यूल के अनुसार लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। घटना के बाद हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य किया गया।

विधायक ने दी हादसे की जानकारी, जताई चिंता

सपा विधायक इंद्राणी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अचानक नीलगाय के सामने आने से यह एक्सीडेंट हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस इलाके के हाईवे पर जंगली जानवरों का अचानक आना आम बात है।

क्षेत्र में वन्यजीवों के बार-बार हाईवे पर आने से इस तरह के हादसे पहले भी होते रहे हैं। यह घटना रोड सेफ्टी और वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन के साथ-साथ नेशनल हाईवे पर मजबूत सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को रेखांकित करती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे किनारे फेंसिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News