Greater Noida News: गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने लखनावली इलाके से करीब 350 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त किया। जांच के बाद मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए इस पनीर को नष्ट कर दिया गया।
त्योहार के मद्देनजर दूध उत्पादों की विशेष जांच
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। 21 और 22 अगस्त की रात लखनावली में अलीगढ़ की सुरेंद्र डेयरी से सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा पनीर पकड़ा गया, जिसकी गुणवत्ता पहली नजर में ही संदिग्ध थी।
लैब जांच के लिए भेजा गया सैंपल, पनीर नष्ट
विभागीय अधिकारियों ने मिलावटी पनीर का सैंपल लेकर विस्तृत जांच के लिए लैब भेज दिया है। इसके बाद बाकी 350 किलोग्राम पनीर को ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सहयोग से पूरी तरह नष्ट करा दिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद डेयरी संचालक पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट पर रोक के लिए सख्त निगरानी जारी
रक्षाबंधन के दौरान दूध, खोया, पनीर और मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि त्योहार पर खरीदारी करते समय खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता का खास ध्यान रखें।