गोरखपुर में मासूम वैभव वर्मा हत्याकांड: मुख्य आरोपी के पिता, भाई और दो भाभियां गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Share

- Advertisement -

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय बेटे वैभव वर्मा के अपहरण और हत्या मामले में खजनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी सर्वेश शर्मा के परिवार पर शिकंजा कस दिया है।

थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी के पिता हरिनारायण शर्मा, बड़े भाई सत्येंद्र और दो भाभियों अनामिका व बबली को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

भाजपा विधायकों ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, आरोपी का घर सील

मासूम की दर्दनाक हत्या से सर्राफा कारोबारी का परिवार गहरे शोक में है। क्षेत्रीय विधायक श्रीराम चौहान और प्रदीप शुक्ला सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान को पूरी तरह सील कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के अनुसार, लखनऊ से आ रही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से सीन रीक्रिएट किया जाएगा। नियमानुसार नोटिस के बाद मकान ध्वस्त होगा।

जालसाजी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी

मुख्य आरोपी 34 वर्षीय सर्वेश शर्मा अपने घर के पास ही कंप्यूटर सेंटर चलाता है। पुलिस रिकॉर्ड से खुलासा हुआ है कि लगभग दस साल पहले वह लेखपाल भर्ती परीक्षा में जालसाजी से जुड़े एक मामले में प्रयागराज की जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में मुख्य आरोपी, उसके परिजनों और सहयोगियों सहित कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच जारी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News