Surat News: गुजरात के सूरत शहर में एक दर्दनाक हादसे में 13 साल का बच्चा चमत्कारिक रूप से बच गया। कंस्ट्रक्शन साइट पर तीसरी मंजिल से गिरने के बाद जमीन पर लगी लोहे की रॉड बच्चे के कंधे में घुसकर मुंह से बाहर निकल आई। गंभीर रूप से घायल बच्चे का सूरत सिविल अस्पताल में इलाज जारी है।
पीड़ित बच्चे की पहचान 13 वर्षीय नाज़िश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह सूरत के दारुल उलूम महमूदिया मदरसे में पढ़ाई करता है। क्लास खत्म होने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ पास स्थित मस्जिद में खेलने गया था, जहां अचानक यह भीषण हादसा हुआ।
मस्जिद की छत से कूदते समय बिगड़ा बच्चे का संतुलन
शुरुआती जानकारी के अनुसार नाज़िश तीसरी मंजिल पर था और उसने मस्जिद की छत से पास की निर्माणाधीन इमारत पर छलांग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा। गिरते समय वहां जमीन पर लगी एक खुली लोहे की रॉड उसके शरीर में आर-पार हो गई।
स्थानीय लोगों ने कटर से रॉड काटकर अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और मदरसे के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझदारी दिखाते हुए कटर से रॉड को काटकर अलग किया और नाज़िश को तुरंत सूरत सिविल अस्पताल पहुंचाया। उस समय भी रॉड का हिस्सा मुंह से बाहर निकला हुआ था और डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।