अमरसर में पंचायत समिति सदस्य ने अपहरण और मारपीट का आरोप लगाया, जांच शुरू

Share

- Advertisement -

Jaipur News: जयपुर ग्रामीण के अमरसर में भाजपा के टिकट पर निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य प्रकाश चंद सैनी ने अपहरण, होटल में बंधक बनाकर मारपीट और जबरन आरएलपी ज्वाइन कराने का आरोप लगाया है। शिकायत में महेंद्र चौधरी सहित कई लोगों के नाम शामिल हैं। अमरसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के अमरसर में पंचायत समिति प्रधान और उपप्रधान चुनाव के बाद राजनीतिक विवाद सामने आया है। वार्ड नंबर 14 से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य प्रकाश चंद सैनी ने आरएलपी कार्यकर्ताओं सहित कई लोगों पर अपहरण, होटल में बंधक बनाने, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 27 नवंबर को प्रधान चुनाव में मतदान के बाद उन्हें उपतहसील के पास से जबरन गाड़ी में बैठाकर अचरोल बाग होटल ले जाया गया, जहां कमरे में बंद कर मारपीट की गई। अमरसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उपतहसील के पास से ले जाने और होटल में मारपीट का आरोप

अमरसर निवासी प्रकाश चंद सैनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान चुनाव के मतदान के बाद वह उपतहसील से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान शुभम यादव और शंकर बाड़ीगर ने कथित तौर पर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया तथा विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

प्रकाश चंद सैनी के अनुसार उन्हें अचरोल बाग होटल ले जाकर एक कमरे में बंद किया गया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे के बाद शराब के नशे में कई लोग वहां पहुंचे, गाली-गलौच की, कपड़े उतरवाए और बेल्ट, बांस की लकड़ी व लात-घूंसों से मारपीट की, साथ ही वीडियो भी बनाया। रिपोर्ट में शुभम यादव, शंकर बाड़ीगर, भगवान मीणा, छूट्टन यादव, विनोद धोलीवाल, पूरण बाड़ीगर, सीताराम सामोता और राजेश मीणा सहित अन्य के नाम बताए गए हैं।

जबरन आरएलपी ज्वाइन कराने और मतदान के दबाव का आरोप

परिवादी ने शिकायत में महेंद्र चौधरी पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि धमकाकर जबरन आरएलपी ज्वाइन करवाने और उपप्रधान चुनाव में आरएलपी के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि बात न मानने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

अमरसर पंचायत समिति में चुनाव के राजनीतिक समीकरण

अमरसर पंचायत समिति के चुनाव में आरएलपी के 7, कांग्रेस के 6 और भाजपा के 2 सदस्य निर्वाचित हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार प्रधान पद के चुनाव में भाजपा के टिकट पर जीतीं समोती देवी ने कांग्रेस के साथ जाकर प्रधान पद का चुनाव जीता।

इसके अगले दिन उपप्रधान पद के चुनाव के दौरान प्रकाश चंद सैनी ने आरएलपी ज्वाइन की और आरएलपी प्रत्याशी शुभम यादव के पक्ष में मतदान किया। उपप्रधान चुनाव के समय प्रकाश चंद सैनी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उनकी पत्नी मतदान के लिए जाते समय उनसे मारपीट को लेकर सवाल पूछती दिखी थीं, जबकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें मिलने से रोका था। पुलिस अब सभी आरोपों की जांच कर रही है।

Read more

Related News