Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-26 स्थित नोएडा कालीबाड़ी समिति ने असम के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सहायता हाथ बढ़ाए हैं। समिति ने राहत सामग्री के रूप में 300 साड़ियां और शॉल भेजने की व्यवस्था की है। यह अभियान असम भवन और आपदा प्रबंधन दल के समन्वय से चलाया जा रहा है।
मुफ्त कार्गो सेवा और स्वयंसेवकों का मिला सहयोग
इस मानवीय अभियान की पैकिंग में मंदिर समिति के स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। राहत सामग्री को असम तक पहुंचाने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस कार्गो ने अपनी नि:शुल्क सेवा प्रदान की है। सामग्री को असम सरकार द्वारा नामित अधिकारियों को सौंपा जाएगा, जो इसे बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाएंगे।
आगामी अभियानों के लिए भी की जा रही तैयारी
असम सरकार द्वारा राहत सामग्री के प्रेषण के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा, कालीबाड़ी प्रबंधन ने 15 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर के जरूरतमंदों के लिए आयोजित होने वाले वितरण अभियान की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। संस्था ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।