बांके बिहारी पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से गरमाया माहौल, मिर्ची बाबा ने साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Bhopal News: मध्य प्रदेश के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान बांके बिहारी पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भगवान राम और बांके बिहारी की मुद्राओं की तुलना करने वाले उनके बयान पर संत समाज ने नाराजगी जताई है, वहीं मिर्ची बाबा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने एक बयान को लेकर फिर विवादों के केंद्र में हैं। करैरा में आयोजित कथा मंच से भगवान बांके बिहारी और भगवान श्रीराम के स्वरूप की तुलना करते हुए दिए गए उनके वक्तव्य पर कृष्ण भक्तों और साधु-संतों ने विरोध दर्ज कराया है। सोशल मीडिया पर इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न धार्मिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

करैरा में श्रीराम कथा के मंच से दिया था बयान

करैरा में आयोजित कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान बांके बिहारी के त्रिभंगी स्वरूप की तुलना भगवान श्रीराम के स्वरूप से की। उन्होंने मंच से कहा, “तुम एक भी फोटो देख लो अपने ठाकुर की। तुम्हारे वाले तो खड़े भी होते हैं, तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कमर कहीं लचकाए, ऐसे बंसी बजाएं टेढ़े करके। हमारे वाले तो सीधे खड़े होते हैं। उनका नाम भी सीधा है। हमारे वाले का चलना भी सीधा, दिखते भी सीधे हैं। तुम्हारे वालों का नाम भी टेढ़ा, चलते भी टेढ़े, खड़े भी टेढ़े होते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारे वालों का धाम भी सीधा, अयोध्या। तुम्हारे वालों का नाम वृंदावन। तुम्हारे वालों का बंसी बजाना खेल है, हमारे वालों का धनुष चलाना खेल नहीं है।” इस बयान के सामने आने के बाद कृष्ण भक्तों ने इसे आराध्य के स्वरूप का अनादर बताते हुए आपत्ति जताई है।

मिर्ची बाबा ने की तीखी आलोचना

पंडित धीरेंद्र शास्त्री की इस टिप्पणी पर संत समाज की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। मिर्ची बाबा ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक मंचों से भगवान के स्वरूप और अन्य विषयों पर इस तरह के अनर्गल बयानों से बचना चाहिए।

मिर्ची बाबा ने कहा कि भगवान कृष्ण पूरे ब्रह्मांड को ज्ञान देने वाले हैं और उनके त्रिभंगी स्वरूप पर ऐसी भाषा का प्रयोग कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित बयानबाजी से जनता में असंतोष बढ़ रहा है और ऐसे आचरण का कड़ा विरोध किया जाएगा।

Read more

Related News