Bihar News: सुपौल जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की लौकहा पंचायत में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कुश्ती मेले का शनिवार को शुभारंभ हुआ। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों के साथ देश के कई राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल तथा भूटान के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता एक दिसंबर तक चलेगी और पहले दिन बड़ी संख्या में दर्शक मुकाबले देखने पहुंचे।
कुश्ती मेले का उद्घाटन स्थानीय मुखिया महारानी देवी, जदयू नेता मनोज यादव, सरपंच भगवत प्रसाद यादव, जदयू नेता सूर्यनारायण ठाकुर और व्यापार मंडल अध्यक्ष विजेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद पहलवानों का परिचय कराया गया और कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत हुई।
पहले दिन के मुकाबलों में भूटान के चिमचिम डोगरा, गोरखपुर के मुन्ना टाइगर, अजमेर शरीफ के बाबा अजमेरी, हरियाणा के बिरला पार्कमान, बिहार के बाबर पठान, झांसी के तूफान पहलवान, नेपाल के पंडित थापा, मुजफ्फरनगर के अमजद पहलवान, हरिद्वार के प्रदीप शास्त्री, पश्चिम बंगाल के हिटलर पहलवान, आगरा के एप्पल पहलवान, वाराणसी के देवा पहलवान, अयोध्या के निर्दोष बाबा तथा राजस्थान के लुक्का पहलवान समेत कई नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
अलग-अलग स्थानों से पहुंचे पहलवानों के बीच मुकाबला देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच, पकड़ और पलटवार ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया और लोग तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। आयोजकों के अनुसार यह कुश्ती कार्यक्रम एक दिसंबर तक चलेगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह मेला क्षेत्र की पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में दर्शक मुकाबले देखने पहुंचेंगे।