London News: आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी एमआई लंदन ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। मेंस और विमेंस दोनों ही कंप्टीशन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। दोनों टीमें प्लेऑफ तक पहुंचने में भी नाकाम रहीं और टूर्नामेंट से बिना कोई ट्रॉफी जीते बाहर हो गईं।
मुंबई इंडियंस ने पिछले साल ही द हंड्रेड की लंदन फ्रेंचाइजी ओवल इन्विंसिबल में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद टीम का नाम बदलकर एमआई लंदन रख दिया गया। पिछले पांचों सीजन में कम से कम एक ट्रॉफी जीतने वाली यह फ्रेंचाइजी पहली बार टूर्नामेंट के एलिमिनेटर दौर में जगह नहीं बना सकी।
बुधवार 12 अगस्त को मेंस हंड्रेड में एमआई लंदन ने अपने आखिरी मैच में बर्मिंघम फीनिक्स को 2 रन से हरा दिया। लंदन ने पहले बैटिंग करते हुए 100 गेंदों में 157 रन बनाए। जवाब में बर्मिंघम की टीम 155 रन ही बना सकी। इस जीत के बाद भी खराब नेट रनरेट के कारण टीम चौथे स्थान पर रही।
वहीं विमेंस हंड्रेड के अपने आखिरी मुकाबले में भी एमआई लंदन को हार का सामना करना पड़ा। बर्मिंघम फीनिक्स ने लंदन को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए लंदन की टीम 120 रन ही बना सकी, जिसे बर्मिंघम ने 94 गेंदों में हासिल कर लिया। लंदन पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही।
टूर्नामेंट के इतिहास में यह पहला मौका है जब यह फ्रेंचाइजी खाली हाथ लौट रही है। साल 2021 में टूर्नामेंट शुरू होने के बाद ओवल इन्विंसिबल के रूप में टीम ने विमेंस हंड्रेड के शुरुआती दो खिताब जीते थे। इसके अलावा मेंस हंड्रेड में टीम ने पिछले तीनों सीजन में लगातार चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की थी।
एमआई फ्रेंचाइजी के लिए यह समय काफी कठिन साबित हो रहा है। आईपीएल में टीम लगातार छठे सीजन में कोई ट्रॉफी नहीं जीत पाई। इसके साथ ही इस साल विमेंस प्रीमियर लीग और मेजर लीग क्रिकेट में भी टीम अपने खिताब का बचाव करने में नाकाम रही, जिससे फ्रेंचाइजी के फैंस को गहरा झटका लगा है।