Jharkhand News: योग गुरु बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को छोटा भाई और बालक समान बताते हुए सफाई दी है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की तुलना और अपमान से आहत होकर उन्होंने अधिकार से डांट लगाई थी, जिसे शास्त्री ने प्यार मानकर स्वीकार किया। रामदेव ने दोनों पक्षों के समर्थकों से विवाद न करने और मामला यहीं खत्म करने की अपील की।
इससे पहले जमशेदपुर में दिए गए अपने बयान में बाबा रामदेव ने बाबा बागेश्वर के नाम से मशहूर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को धूर्त, पाखंडी और बावला कहा था। इस बयान पर विवाद होने के बाद अब उन्होंने सफाई देते हुए कहा है कि वे टीका-टिप्पणियों और देवी-देवताओं की तुलना और अपमान से बहुत आहत थे।
बाबा रामदेव ने कहा कि बाबा बागेश्वर उनके लिए बालक समान हैं। वे उनके छोटे भाई भी हैं और शिष्य की तरह भी हैं। कोई बात गलत लगी और वे आहत हुए तो उन्होंने पूरे अधिकार से डांट दिया। उन्होंने कहा कि शास्त्री ने उनकी फटकार को प्यार मानकर स्वीकार किया, और इसमें उनकी भी महानता है।
समर्थकों से विवाद न करने की अपील
रामदेव ने कहा कि इस मामले में किसी तरह का बवाल नहीं होना चाहिए। दोनों तरफ के समर्थकों के बीच इस मामले को लेकर विवाद हो रहा है, ऐसा नहीं करना चाहिए।
अकेले में समझाया, सार्वजनिक रूप से कहना पड़ा
उन्होंने कहा कि किसी को ट्रोल करना या किसी की निंदा करना किसी का लक्ष्य नहीं होना चाहिए। बड़ों का काम है कि किसी की गलती पर उसे अकेले में टोका जाए और समझाया जाए। रामदेव ने कहा कि उन्हें लगा कि वे अकेले में कई बार समझा चुके हैं, इसलिए सार्वजनिक रूप से कहना पड़ा, जिसका उन्हें दुख भी है। अब इस बात को यहीं खत्म कर देना चाहिए और इसे ज्यादा तूल नहीं दिया जाना चाहिए।