Jaunpur News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में मुख्यमंत्री के चेहरे और सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 25 नवंबर को जौनपुर दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव में बीजेपी का चेहरा ‘कमल का फूल’ होता है और चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित विधायक तथा केंद्रीय पर्यवेक्षक मिलकर विधायक दल के नेता का चयन करेंगे।
जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य से 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा, “चुनाव के समय बीजेपी में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होता है। कमल के फूल के आधार पर चुनाव लड़ा जाता है। चुनाव परिणाम आने के बाद जीते हुए विधायकों की बैठक होती है, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं। उस बैठक में सर्वसम्मति से जो निर्णय होता है, वही विधायक दल का नेता चुना जाता है और वही बाद में नेतृत्व करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन भविष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे या कोई अन्य, यह वे तय नहीं कर सकते, बल्कि उस समय चुने जाने वाले विधायक इसका निर्णय लेंगे।
सहयोगी दलों ने पेश की ज्यादा सीटों की दावेदारी
दूसरी ओर, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के घटक दलों—राष्ट्रीय लोक दल (RLD), सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), अपना दल (एस) और निषाद पार्टी—की ओर से सीटों की दावेदारी सामने आने लगी है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ केवल अपना दल (एस) और निषाद पार्टी शामिल थीं, जिन्हें मिलाकर 32 से 33 सीटें दी गई थीं और इनमें से 23 सीटों पर जीत मिली थी।
इस बार 2022 में सपा के साथ चुनाव लड़ने वाली रालोद और सुभासपा भी एनडीए का हिस्सा हैं। चारों सहयोगी दलों की संभावित मांगों का आंकड़ा लगभग 123 सीटों तक पहुंचता दिख रहा है। बीजेपी पदाधिकारियों के अनुसार, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी स्वयं सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे और दिसंबर महीने तक इस प्रक्रिया को पूरा किए जाने की उम्मीद है।
एनडीए में किस घटक दल की कितनी दावेदारी
- राष्ट्रीय लोक दल (RLD): केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की पार्टी ने 2022 में सपा के साथ मिलकर 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 9 सीटें जीती थीं। रालोद नेता 2027 में कम से कम 35 सीटों की दावेदारी कर रहे हैं। जयंत चौधरी ने हालिया साक्षात्कार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वांचल की कुछ सीटों पर भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। पार्टी की नजर मथुरा की छाता जैसी उन सीटों पर भी है, जहां से वर्तमान में बीजेपी के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण विधायक हैं।
- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा): ओम प्रकाश राजभर की पार्टी ने 2022 में सपा गठबंधन में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटें जीती थीं। आगामी चुनाव के लिए सुभासपा 25 से 30 सीटों की मांग कर रही है। पार्टी नेता अरुण राजभर भी पूर्वांचल में अपने प्रभाव का हवाला देते रहे हैं।
- अपना दल (एस): केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी को 2022 में बीजेपी ने 17 सीटें दी थीं, जिनमें से 12 पर पार्टी को जीत मिली थी। बेहतर स्ट्राइक रेट का हवाला देते हुए पार्टी इस बार कम से कम 30 सीटों की मांग कर रही है।
- निषाद पार्टी: राज्य सरकार में मंत्री संजय निषाद की पार्टी को 2022 में कुल 16 सीटें मिली थीं। इनमें 10 सीटों पर पार्टी के अपने चुनाव चिह्न पर 6 उम्मीदवार जीते थे, जबकि 6 सीटों पर बीजेपी के चुनाव चिह्न से लड़कर 5 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। संजय निषाद 2027 में विशेष रूप से पूर्वांचल की उन सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं, जहां पिछले चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था।