New Delhi / Shimla News: नई दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित इंडिया गठबंधन के जन मार्च और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत पूरी सरकार ने शिरकत की। इस रैली में प्रदेश से लक्ष्य से अधिक संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की सड़कों पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।
रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली के दौरान हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। सुबह से ही हिमाचल भवन में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस के रूप में रामलीला मैदान की ओर कूच किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
टारगेट से अधिक पहुंचे कार्यकर्ता, पारंपरिक वेशभूषा में दिखा उत्साह
रैली में हिमाचल प्रदेश से 10 से 15 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार तय लक्ष्य से कहीं अधिक संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने दावा किया है कि रामलीला मैदान की इस रैली में हिमाचल से 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्यकर्ता एचआरटीसी बसों, निजी वाहनों और ट्रेनों के माध्यम से राजधानी पहुंचे। कई कार्यकर्ता चंडीगढ़ तक निजी वाहनों से सफर करने के बाद टैक्सियों के जरिए हिमाचल भवन पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों से पूरी राजधानी गूंज उठी।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री बस की छत पर चढ़े
दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एक बस की छत पर चढ़ गए। उन्होंने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की तथा राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।
कौन-कौन दिग्गज रहे मौजूद
इस शक्ति प्रदर्शन और रैली में कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, संगठन महासचिव विनोद जिंटा, कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी के अलावा कई विधायक, निगम-बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। रैली संपन्न होने के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने वापस हिमाचल की ओर प्रस्थान किया।