Mandi News: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय कलश यात्रा गुरुवार को मंडी पहुंची। नेरचौक और मंडी शहर में श्रद्धालुओं व भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें नमन किया।
बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने नेरचौक में यात्रा का भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं से गुरु रविदास जी के बताए रास्ते पर चलने की अपील की। इसके बाद यात्रा मंडी शहर के लिए रवाना हुई।
मंडी शहर के सकोहड़ी पुल पर पूर्व मंत्री और विधायक अनिल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा श्री गुरु रविदास मंदिर पहुंची। अनिल शर्मा ने कहा कि गुरु जी ने मानवता और समानता का संदेश दिया। समाज को एकजुट रखना ही राष्ट्र की असली ताकत है।
भाजपा प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा ने बताया कि यह यात्रा 29 जुलाई को वाराणसी से शुरू हुई थी। यह यात्रा हिमाचल के सभी जिलों में समरसता का संदेश फैलाएगी। मंडी के बाद यात्रा पालमपुर जाएगी। यह आयोजन सांस्कृतिक चेतना और एकता को मजबूत करने का बड़ा अभियान है।