District News: ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाग़ेर ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि जब तक ईरान की सात शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक अमेरिका से न कोई बातचीत होगी और न कोई कार्रवाई की जाएगी। संसद में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों और आर्थिक दबाव के सामने ईरान का रुख स्पष्ट और अपरिवर्तनीय है।
मंगलवार को संसद के खुले सत्र में बोलते हुए ग़ालिबाफ़ ने कहा, “हमारे शब्द वही हैं जो हमने पहले कहे हैं: ईरान अपनी सात शर्तें लागू करने से पहले कोई कार्रवाई या बातचीत नहीं करेगा, और हम दुश्मन की गतिविधियों का निर्णायक जवाब देने और दुश्मन की गलती होने पर युद्ध के भूगोल को बदलने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की हालिया धमकियों और अपमान को ईरान के लचीले और स्वतंत्र राष्ट्र के सामने वाशिंगटन की लाचारी का संकेत बताया। ग़ालिबाफ़ को तेहरान का मुख्य वार्ताकार भी माना जाता है।
ईरान की सात शर्तें क्या हैं
ईरान ने अपनी सात शर्तें मध्यस्थों के जरिये अमेरिका तक पहुंचाई हैं। इनमें सभी मोर्चों पर शत्रुता खत्म करना, अमेरिकी प्रतिबंध हटाना, ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी उठाना, ईरान की जब्त संपत्तियां जारी करना, होर्मुज़ जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक और तेलवाहक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही की गारंटी, तेल निर्यात की छूट और युद्ध को औपचारिक रूप से समाप्त घोषित करना शामिल बताया गया है। हालांकि तेहरान ने सातों शर्तों की कोई एक आधिकारिक सूची सार्वजनिक नहीं की है, और ईरानी अधिकारियों ने इन्हें अलग-अलग तरह से बताया है।
अल जज़ीरा के अनुसार ग़ालिबाफ़ ने यह भी कहा कि तेहरान के पास नाकाबंदी तोड़ने के सैन्य साधन हैं और वह निकट भविष्य में उनका इस्तेमाल करेगा।
घरेलू मोर्चे पर एकता का आह्वान
ग़ालिबाफ़ ने सांसदों से कहा कि ईरान प्रभावी रूप से ‘युद्ध जैसी’ स्थिति में है और आर्थिक कठिनाइयों के बीच राष्ट्रीय एकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च नेता ने अधिकारियों के बीच एकता और सामंजस्य बनाए रखने का स्पष्ट निर्देश दिया है। उन्होंने सांसदों से आंतरिक मतभेदों को गहरे विभाजन में न बदलने देने का आह्वान किया।
अमेरिका का आर्थिक दबाव और ट्रंप की धमकी
ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपना आर्थिक अभियान तेज कर दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को ईरान के शैडो बैंकिंग नेटवर्क से जुड़े दो दर्जन से ज़्यादा एक्सचेंज हाउस और फ्रंट कंपनियों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की थी। बेसेंट ने दावा किया था कि ईरान की अर्थव्यवस्था “गहरे संकट में” है। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अगर नए साल तक कोई समझौता नहीं हुआ तो वे ईरान पर सैन्य हमले पर विचार करने को तैयार हैं। ट्रंप ने ईरान की बातचीत की रणनीति को ‘बकवास’ बताते हुए परमाणु हथियार रोकने के लिए ‘स्थायी’ समझौते पर जोर दिया था।