Nagpur News: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 26 नवंबर को संविधान दिवस पर नागपुर के संविधान चौक पर रैली करने का ऐलान किया है। शाम चार बजे होने वाली इस रैली का नारा ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ रखा गया है। दीपके ने लोगों से इसमें शामिल होकर संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है।
दीपके ने एक्स पर रैली का पोस्टर शेयर किया है, जिसमें डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगाई गई है। दीपके ने अपनी पोस्ट में लिखा कि संविधान दिवस पर सभी लोग एक साथ आकर लोकतंत्र की रक्षा करने, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को नागपुर में लोगों से मुलाकात होगी।
यह रैली ऐसे समय में हो रही है, जब अभिजीत दीपके हाल ही में गोवा के पणजी में जनसभा कर चुके हैं। 22 नवंबर को हुई इस सभा में उन्होंने केंद्र और गोवा की भाजपा सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि सरकार आम लोगों से जुड़े मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। माना जा रहा है कि नागपुर की रैली में भी दीपके भाजपा पर इसी तरह के आरोप लगा सकते हैं। इससे पहले सीजेपी की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। पार्टी लगातार चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग को निशाना बना रही है।
अभिजीत दीपके ने नागपुर को क्यों चुना
नागपुर को रैली के लिए चुनना भी राजनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। यह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह क्षेत्र है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय भी नागपुर में ही है। भाजपा के लिए नागपुर लंबे समय से मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में संविधान दिवस पर इसी शहर में लोकतंत्र और संविधान बचाने के नारे के साथ रैली करने का फैसला राजनीतिक संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि हाल ही में इसी शहर में हुए विधान परिषद चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले को 3,271 वोटों से हराया था। वंजारी ने लगातार दूसरी बार नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की। नागपुर में भाजपा की हार इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि पार्टी ने इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी। फडणवीस, गडकरी और दूसरे वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रचार किया था। इसके बावजूद पार्टी उम्मीदवार को जीत नहीं मिली। हार की वजहों में उम्मीदवार के चयन को लेकर नाराजगी, पार्टी के भीतर गुटबाजी और बागी उम्मीदवारों की भूमिका को अहम माना गया। इस बीच, दीपके की रैली के लिए नागपुर का चयन भाजपा के सबसे मजबूत माने जाने वाले इलाके में राजनीतिक चुनौती पेश करने के तौर पर देखा जा रहा है।