Jalandhar News: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से शुभारंभ कर भारत ने तकनीकी क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी गई और जालंधर से पंजाब को 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं की सौगात दी गई।
संत गुरु रविदास महाराज के श्रद्धालुओं के लिए छेहर्टा से काशी तक ‘संत गुरु रविदास एक्सप्रेस’ की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही जालंधर कैंट में 100 करोड़ रुपये की लागत से बना अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन देश को समर्पित किया गया। बीते 12 वर्षों में पंजाब में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।
पंजाब के धार्मिक और ढांचागत विकास को मिली प्राथमिकता
करतारपुर साहिब कॉरिडोर का खुलना, हरिमंदिर साहिब को एफसीआरए पंजीकरण मिलना और लंगर सामग्री को जीएसटी मुक्त करना केंद्र सरकार के प्रमुख फैसले रहे हैं। साहिबजादों की शहादत को समर्पित वीर बाल दिवस और 1984 नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाकर सिख समुदाय को न्याय प्रदान किया गया।
पंजाब में स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में बड़ा निवेश हुआ है। बठिंडा एम्स, मोहाली कैंसर संस्थान, आईआईएम अमृतसर और आईआईटी रोपड़ का विस्तार किया गया। 40,000 करोड़ रुपये का दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे और 34,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं राज्य के परिवहन ढांचे को पूरी तरह बदल रही हैं।
राज्य में प्रशासनिक विफलताओं और आर्थिक संकट पर चिंता
केंद्र सरकार की ओर से बड़े स्तर पर मदद मिलने के बावजूद वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों से पंजाब नशे और कर्ज के संकट में डूब रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से व्यापार और निवेश प्रभावित हुआ है, वहीं अवैध खनन से राज्य के खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ के समय केंद्र सरकार ने राहत और आपदा टीमें भेजीं, जबकि राज्य सरकार प्रभावितों तक मुआवजा पहुंचाने में विफल रही। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए निर्माण के बजाय केवल योजनाओं के पुनर्नामकरण पर जोर दिया गया है। आगामी समय में राज्य को विकास की राह पर लाने की आवश्यकता है।