New Delhi News: विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका से 1,700 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत अमेरिका के साथ प्रवासन और गतिशीलता के मुद्दों पर सहयोग करता है, लेकिन अवैध प्रवासन का पूरी तरह विरोध करता है।
जायसवाल ने कहा कि जब भी अमेरिका की ओर से किसी व्यक्ति को डिपोर्ट किए जाने की जानकारी मिलती है, तो भारत पहले उसकी नागरिकता की पुष्टि करता है और उसके बाद ही उसे वापस लेने के लिए सहमत होता है। उन्होंने कहा कि वापसी या यात्रा की व्यवस्था तभी की जाती है, जब सरकार संबंधित व्यक्ति की नागरिकता को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हो जाती है।
जुलाई के आंकड़े से ज्यादा
यह आंकड़ा जुलाई में साझा किए गए आंकड़ों से ज्यादा है। जुलाई में विदेश मंत्रालय ने बताया था कि 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 के बीच 1,273 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था। जुलाई की ब्रीफिंग में पिछले साल के आंकड़े देते हुए जायसवाल ने बताया था कि 2025 में कुल 3,567 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था। जुलाई तक के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 की शुरुआत से तब तक अमेरिका से कुल 4,840 भारतीयों को डिपोर्ट किया जा चुका था।
साल-दर-साल आंकड़े
विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका से भारतीयों के डिपोर्टेशन की संख्या में साल-दर-साल उतार-चढ़ाव रहा है। 2019 में 2,042 भारतीयों को डिपोर्ट किया गया था, जबकि 2023 में यह संख्या घटकर 617 रह गई थी। 2024 में 1,368 भारतीयों को वापस भेजा गया और 2025 में यह आंकड़ा 3,567 तक पहुंच गया, जो 16 साल में सबसे ज्यादा था। 2009 से 28 नवंबर 2025 के बीच अमेरिका से कुल 18,822 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया गया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2025 में सत्ता में लौटने के बाद से अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि अब तक 6,05,000 से ज्यादा अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि 19 लाख लोगों ने खुद ही अमेरिका छोड़ने का फैसला किया।
डिपोर्टेशन के दौरान व्यवहार पर चिंता
भारत ने अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने वाले भारतीयों के साथ व्यवहार को लेकर भी चिंता जताई है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने 6 फरवरी को लोकसभा में लिखित जवाब में कहा था कि भारत ने महिलाओं और बच्चों को हथकड़ी-बेड़ियां पहनाने, पगड़ी और खानपान को लेकर अपनी चिंता अमेरिका के सामने मजबूती से रखी थी। मंत्रालय ने बताया कि 5 फरवरी 2025 के बाद से किसी भी डिपोर्ट फ्लाइट में यात्रियों के साथ बुरे व्यवहार की कोई शिकायत नहीं मिली है।
5 फरवरी 2025 को अमेरिका ने पहली बार सैन्य विमान से 104 भारतीयों को अमृतसर भेजा था। उस दौरान कई लोगों के हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां लगी थीं, जिसकी तस्वीरें सामने आने के बाद देशभर में विवाद हुआ था और संसद में भी हंगामा हुआ था।