Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में एक दर्जन से अधिक प्रमुख प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है ।
कैबिनेट में राज्य के आगामी मानसून सत्र को अगस्त के पहले सप्ताह से बुलाने और परिवहन विभाग द्वारा 400 करोड़ रुपये की लागत से 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद से जुड़े प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है ।
महिला छात्रावास और एक्सप्रेस-वे लिंक परियोजनाओं पर फैसला
बैठक में वाराणसी में 500 क्षमता वाले मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास के लिए भूमि आवंटन और विभिन्न एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेस-वे के आरएफपी बिड दस्तावेजों के अनुमोदन संबंधी प्रस्ताव पेश किए जाएंगे ।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक को नाबार्ड से ऋण प्राप्त करने के लिए 1500 करोड़ रुपये की शासकीय गारंटी देने और कानपुर के नर्वल में उपनिबंधक कार्यालय निर्माण हेतु भूमि आवंटन को भी हरी झंडी मिल सकती है ।
बहराइच और श्रावस्ती को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात
कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच और श्रावस्ती जिलों के दौरे पर रवाना होंगे। बहराइच के महसी क्षेत्र में सीएम 350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे ।
वहीं श्रावस्ती के सीताद्वार में मुख्यमंत्री 616 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 134 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान सीएम विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और आवश्यक उपकरण भी वितरित करेंगे ।