Delhi News: देश के कई राज्यों में इन दिनों मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ है। कहीं मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है, तो कहीं भीषण गर्मी ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। खराब मौसम का सीधा असर अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए कई राज्यों में शिक्षण संस्थानों को बंद करने का फैसला लिया गया है। जिन विद्यालयों में बच्चों की चहल-पहल होनी चाहिए थी, वहां इस वक्त ताले लटके नजर आ रहे हैं। प्रशासन के आदेशानुसार आने वाले कुछ दिनों तक स्कूल बंद रहेंगे।
हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश से मची तबाही
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। किन्नौर में बादल फटने से अचानक सैलाब आ गया, जिससे सांग्ला-छितकुल मार्ग पूरी तरह से टूट गया है। मौसम विभाग ने शिमला सहित कई जिलों में 24 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इस संकटपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 जुलाई तक स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। वहीं पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में भी नदियां उफान पर हैं। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए वहां भी जिलाधिकारी जल्द ही स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर सकते हैं।
कश्मीर में भीषण गर्मी के कारण बढ़ीं छुट्टियां
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी और उमस के कारण प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां 22 जुलाई तक बढ़ा दी हैं। शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विंटर जोन के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बुधवार तक बंद रहेंगे।
घाटी में लगातार चल रही हीट वेव के कारण यह निर्णय लिया गया है। पहले स्कूल सोमवार को खुलने वाले थे, लेकिन तापमान में गिरावट न होने पर छुट्टियां तीन दिन और बढ़ाई गईं। इसके अलावा 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा और 31 जुलाई को शहीद उधम सिंह शहीद दिवस पर भी कई राज्यों में छुट्टियां रहेंगी।